टकराव स्टारडम बनाम अनुबंध जयदीप अहलावत और अक्षय खन्ना
नए साल की शुरुआत में ही सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ की तीसरी कड़ी से अभिनेता अक्षय खन्ना के अचानक बाहर होने, उनके खिलाफ कानूनी नोटिस और जयदीप अहलावत की एंट्री को लेकर फैली गलत खबरों ने पेशेवर प्रतिबद्धता, अनुबंधों और स्टारडम के बदलते चरित्र पर गम्भीर सवाल खड़े कर दिए हैं


साल 2025 समाप्ति की ओर था और फिल्म इंडस्ट्री 2026 की बड़ी रिलीज की तैयारियों में जुटी हुई थी तभी एक विवाद ने पूरे सिनेमा जगत का ध्यान खींच लिया। यह विवाद बहुचर्चित थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम 3’ से जुड़ा है, जिसमें निर्माता कुमार मंगत पाठक ने अभिनेता अक्षय खन्ना पर लिखित समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उन्हें कानूनी नोटिस भेजा है।

निर्माता के अनुसार ‘दृश्यम 3’ पर बीते दो वर्षों से काम चल रहा था। स्क्रिप्ट पर विस्तार से चर्चा हुई, पूरी कहानी अभिनेता को सुनाई गई और फीस को लेकर कई दौर की बातचीत के बाद दोनों पक्षों की सहमति से अनुबंध साइन किया गया। अक्षय खन्ना को साइनिंग अमाउंट भी दिया गया जो ‘दृश्यम 2’ के मुकाबले लगभग तीन गुना ज्यादा बताया जा रहा है। शूटिंग की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और दिसम्बर के मध्य में यशराज स्टूडियो में फिल्मांकन भी शुरू हो गया था। लेकिन इसी दौरान घटनाक्रम ने अचानक मोड़ ले लिया। निर्माता का दावा है कि शूटिंग शुरू होने के बाद अक्षय खन्ना ने एक संक्षिप्त संदेश भेजकर फिल्म से अलग होने की सूचना दी और उसके बाद काॅल व मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया। यह संदेश उनकी हालिया रिलीज ‘धुरंधर’ के रिलीज से ठीक पहले आया।

निर्माता के मुताबिक इस अचानक फैसले से न केवल शूटिंग शेड्यूल प्रभावित हुआ बल्कि यूनिट को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा। इसी के बाद अक्षय खन्ना को कानूनी नोटिस भेजा गया जिसमें उनसे अनुबंध के अनुसार काम करने या कानूनी कार्रवाई का सामना करने को कहा गया।
 
जयदीप अहलावत को लेकर फैली गलतफहमी

इस पूरे विवाद के बीच यह खबरें सामने आईं कि अक्षय खन्ना के बाहर होने के बाद उनकी जगह जयदीप अहलावत को लिया गया है। हालांकि अब इस पर निर्माताओं ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। प्रोड्यूसर और निर्देशक की ओर से कहा गया है कि जयदीप अहलावत को अक्षय खन्ना के स्थान पर नहीं लिया गया है। वे फिल्म में एक अलग और नया किरदार निभा रहे हैं जो कहानी के विस्तार का हिस्सा है। निर्माताओं के मुताबिक मीडिया में यह धारणा बन गई थी कि जयदीप अहलावत सीधे तौर पर अक्षय खन्ना के किरदार को रिप्लेस कर रहे हैं जबकि ऐसा नहीं है।

निर्माता पक्ष का कहना है कि ‘दृश्यम 3’ की कहानी पूर्व दो फिल्मों की निरंतरता को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ रही है और किसी स्थापित किरदार को अचानक नए चेहरे से बदलना रचनात्मक रूप से उचित नहीं होता इसलिए जयदीप अहलावत की एंट्री को अक्षय खन्ना के विवाद से जोड़कर देखना भ्रामक है।
 
स्टार कास्ट और फिल्म का महत्व

‘दृश्यम 3’ एक बार फिर अजय देवगन को विजय सालगांवकर के रूप में पेश करेगी जबकि तब्बू मीरा देशमुख के किरदार में नजर आएंगी। पिछली फिल्म में अक्षय खन्ना द्वारा निभाया गया आईजी तरुण अहलावत का किरदार दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय रहा था, ऐसे में उनके बाहर होने की खबर स्वाभाविक रूप से ज्यादा चर्चा बटोर रही है।

निर्माता का कहना है कि अक्षय खन्ना के लुक और किरदार को लेकर लम्बी बातचीत हुई थी, जिसमें विग पहनने जैसे मुद्दे भी शामिल थे। इन पर सहमति बनने के बाद ही समझौता किया गया था। इसके बावजूद अंतिम समय पर फिल्म छोड़ना, उनके अनुसार पूरी तरह गैर-पेशेवर आचरण है।
 
पेड प्रचार को लेकर आरोप

कुमार मंगत पाठक ने इस विवाद में एक और गम्भीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में अक्षय खन्ना के चारों तरफ एक सुनियोजित ‘पेड प्रचार अभियान’ चलता हुआ दिखाई देता है। उनके अनुसार जो अभिनेता पहले मीडिया से दूरी बनाए रखते थे वे अब सोशल मीडिया और प्रचार माध्यमों में अधिक सक्रिय नजर आ रहे हैं। पाठक का दावा है कि ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद अक्षय खन्ना के रवैये में बदलाव दिखा है और सम्भव है कि इसी बदले हुए स्टारडम ने उन्हें पहले से साइन किए गए अनुबंध को नजरअंदाज करने के लिए प्रेरित किया हो।
 
पहले भी हो चुके हैं ऐसे विवाद

हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में यह कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी कई कलाकार आखिरी वक्त पर फिल्मों से हटे हैं और निर्माता- कलाकार विवाद अदालत तक पहुंचे हैं। कंगना रनौत और निर्माता करण जौहर के बीच ‘दोस्ताना-2’ को लेकर चला विवाद इसका उदाहरण रहा है। ऐसे मामलों ने बार-बार यह सवाल उठाया है कि क्या स्टार सिस्टम लिखित अनुबंधों से ऊपर होता जा रहा है।

कुल मिलाकर साल 2025 के अंत में सामने आया ‘दृश्यम 3’ विवाद नए साल 2026 की शुरुआत में ही फिल्म इंडस्ट्री को आईना दिखाता है। यह मामला सिर्फ अक्षय खन्ना और निर्माता के बीच का कानूनी टकराव नहीं है बल्कि यह उस व्यापक संकट को उजागर करता है जहां स्टारडम, मीडिया नैरेटिव और पेशेवर अनुशासन आमने-सामने खड़े हैं।

अब यह स्पष्ट हो चुका है कि जयदीप अहलावत अक्षय खन्ना का रिप्लेसमेंट नहीं हैं और कास्टिंग को लेकर फैली कई शुरुआती खबरें गलत थीं। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि कानूनी विवाद किस दिशा में जाता है लेकिन इतना तय है कि नए साल का पहला बड़ा विवाद हिंदी सिनेमा के लिए एक गम्भीर चेतावनी बन चुका है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD