entertainment

ब्लॉकबस्टर बनने की राह पर धुरंधर-2

रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर-2’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। पहले भाग की ऐतिहासिक कमाई और राम गोपाल वर्मा के बड़े दावों के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त माहौल बना हुआ है

भारतीय सिनेमा में बड़े फ्रेंचाइज की बात हो और दर्शकों की उम्मीदें आसमान पर न हों, ऐसा कम ही होता है। धुरंधर की अभूतपूर्व सफलता के बाद अब ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और इसके साथ ही बाॅक्स आॅफिस पर एक नई दौड़ शुरू हो गई है।

पहले भाग ने जिस तरह का प्रभाव छोड़ा था, उसी ने इस सीक्वल को साल की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल कर दिया। यही वजह है कि रिलीज से पहले ही फिल्म ने एडवांस बुकिंग में जबरदस्त प्रदर्शन किया और अब रिलीज के साथ दर्शकों का उत्साह साफ तौर पर नजर आ रहा है।
फिल्म को लेकर चर्चा तब और तेज हो गई थी जब फिल्मकार राम गोपाल वर्मा ने इसे ‘शोले ग् 100’ करार दिया। उन्होंने इसे भारतीय सिनेमा में एक ‘नए सिनेमाई क्रम’ की शुरुआत बताया और दावा किया कि यह फिल्म अब तक की कई क्लासिक फिल्मों को पीछे छोड़ सकती है।
निर्देशक आदित्य धर की यह स्पाई थ्रिलर बड़े कैनवास पर तैयार की गई है। लगभग 3 घंटे 49 मिनट की लम्बाई और तीखे एक्शन के साथ फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया गया है। रिलीज से पहले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने इसमें कुछ मामूली बदलाव सुझाए थे, जैसे हिंसा को थोड़ा कम करना, तथ्यात्मक त्रुटियों को सुधारना और दर्शकों के लिए कंटेंट को अधिक सुलभ बनाना।
फिल्म की कहानी में एक बार फिर बड़े राजनीतिक-आर्थिक षड्यंत्र और देशहित के मुद्दों को केंद्र में रखा गया है, जिसे और ज्यादा विस्तार और तीव्रता के साथ पेश किया गया है।
‘धुरंधर’ का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन
रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर ने भारतीय बाॅक्स ऑफिस पर इतिहास रचते हुए लगभग 101 दिनों की रनिंग में 788.90 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया और अपने थिएट्रिकल रन के अंत तक करीब 790 करोड़ रुपए का आंकड़ा छू लिया। यह फिल्म हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लाॅकबस्टर फिल्मों में गिनी जाती है।
फिल्म की शुरुआत बेहद दमदार रही, पहले हफ्ते में 196.50 करोड़ रुपए और दूसरे हफ्ते में 241 करोड़ रुपए की कमाई के साथ इसने रिकाॅर्ड ट्रेंड सेट किया। तीसरे और चौथे हफ्ते में भी 161.75 करोड़ और 100.50 करोड़ रुपए का मजबूत प्रदर्शन जारी रहा। इसके बाद भले ही कलेक्शन में गिरावट आई लेकिन लम्बी रनिंग के चलते फिल्म ने अपनी कुल कमाई को ऐतिहासिक स्तर तक पहुंचाया। कलाकारों की बात करें तो रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म को हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज किया गया है, जिससे इसका दायरा और बड़ा हो गया है।
कुल मिलाकर ‘धुरंधर-2’ ने रिलीज के साथ ही बाॅक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत कर दी है। अब सबकी नजर इस पर है कि क्या यह फिल्म पहले भाग के 790 करोड़ रुपए के रिकाॅर्ड को पार कर पाती है और भारतीय सिनेमा में नया इतिहास रचती है।
फिल्म को लेकर ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि जिस तरह से एडवांस बुकिंग में रिकाॅर्ड स्तर की कमाई देखने को मिली है और जिस तरह का क्रेज मल्टीप्लेक्स से लेकर सिंगल स्क्रीन तक नजर आ रहा है उससे यह साफ है कि फिल्म का शुरुआती वीकेंड बेहद बड़ा रहने वाला है। अगर कंटेंट को दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है तो यह फिल्म लम्बे समय तक सिनेमाघरों में टिक सकती है और पहले भाग की तरह ही लम्बी रनिंग हासिल कर सकती है।
इसके अलावा फिल्म का पैन-इंडिया रिलीज, त्योहारों का समय और मल्टी-लैंग्वेज अपील भी इसके पक्ष में काम कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा है जो इसके वर्ड ऑफ माउथ को मजबूत बना सकती है।
ट्रेड पंडितों का यह भी मानना है कि अगर शुरुआती हफ्ते में फिल्म ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन किया तो यह न केवल पहले भाग का रिकाॅर्ड तोड़ सकती है बल्कि हिंदी सिनेमा के लिए 800 करोड़ रुपए के पार का नया बेंचमार्क भी सेट कर सकती है। ऐसे में ‘धुरंधर-2’ केवल एक फिल्म नहीं, बाॅक्स आॅफिस के लिहाज से एक बड़े ट्रेंड-सेटर के रूप में उभर सकती है।
नए कीर्तिमान से कुछ कदम दूर ‘धुरंधर-2’
फिल्म ‘धुरंधर-2’ अपनी पिछली फिल्म ‘धुरंधर-1’ का रिकाॅर्ड तोड़ते हुए अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। शुरुआती वीकेंड में जबरदस्त चर्चा और बाॅक्स ऑफिस पर धमाकेदार परफाॅर्मेंस के बाद फिल्म के कारोबार में कुछ गिरावट जरूर आई है लेकिन फिर भी फिल्म का बाॅक्स ऑफिस कलेक्शन दुनियाभर में 1400 करोड़ रुपए के आंकड़े को छूने से बस कुछ ही कदम दूर है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रिलीज के दो हफ्तों में ही ‘धुरंधर-2’ की भारत में कुल कमाई 872.17 करोड़ रुपए हो गई है तो वहीं विश्व स्तर पर 1,392.23 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। इस उपलब्धि के साथ ‘धुरंधर-2’ उन चुनिंदा फिल्मों की सूची में शामिल हो गई है जिन्होंने भारतीय बाॅक्स ऑफिस पर यह मुकाम हासिल किया है। इस लिस्ट में ‘बाहुबली-2’, ‘द कंक्लूजन’, ‘केजीएफ चैप्टर-2’, ‘पुष्पा-2’, ‘द रूल’ और पहली ‘धुरंधर’ फिल्म शामिल हैं जो महज चार महीने पहले ही रिलीज हुई थीं। ‘धुरंधर’ एकमात्र भारतीय फिल्म है जिसकी दो फिल्मों ने भारत और विश्व स्तर पर 1000 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की है। फिल्मों के रिकाॅर्ड तोड़ने की बात करें तो आमिर खान की ‘दंगल’ (2070 करोड़) सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म है, उसके बाद प्रभास की ‘बाहुबली-2’ (1788 करोड़) और फिर अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा-2’ (1742 करोड़) है। बड़ी फिल्मों की बात करें तो ‘जवान’, ‘एनिमल’, ‘केजीएफ-2’ और ‘आरआरआर’ जैसे रिकाॅर्ड पहले ही टूट चुके हैं।

You may also like