महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। फडणवीस पर 2014 के चुनावी हलफनामे में दो आपराधिक केसों की जानकारी छिपाने का आरोप है। ये दोनों केस नागपुर के हैं। इनमें एक मानहानि और दूसरा ठगी का है। वकील सतीश उके ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया था कि 2014 के चुनाव का नामांकन दाखिल करते समय में फडणवीस ने झूठा हलफनामा दायर किया था। इस पर हाई कोर्ट के आदेश को दरकिनार करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने ट्रायल का आदेश दिया। सीजीआई की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच ने कहा कि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत ट्रायल चलेगा। कोर्ट ने कहा कि प्रथमदृष्टया फडणवीस के खिलाफ मामला बनता दिख रहा है।