हाल ही में शुरू हुई तेजस एक्सप्रेस का संचालन भारतीय रेल के ही निजी कंपनी आईआरसीटीसी कर रही हैं।
इस रेल सेवा को भारत की पहली कार्पोरेट सेवा भी कहा जा रहा हैं। आईआरसीटीसी ने तेजस को रेलवे से लीज़ पर लिया है, और इसका कमर्शियल रन किया जा रहा है। ये तेज़ रफ़्तार ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से लैस है और देश की राजधानी दिल्ली से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीच 511 किलोमीटर का सफ़र साढ़े छह घंटे में पूरा कर लेती है।
ऐसे तो इस ट्रेन में कई ख़ास बातें हैं लेकिन इसकी सबसे ख़ास बात ये ट्रेन होस्टेस ही हैं। भारत में ये पहली बार है जब किसी रेल सेवा में हवाई सेवा की तरह होस्टेस तैनात की गई हैं। इसलिए यात्रियों में उनके प्रति जिज्ञासा और आकर्षण नज़र आता है। तेजस एक्सप्रेस में तैनात इन होस्टेस का काम यात्रियों के खाने-पीने और अन्य ज़रूरतों के अलावा सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखना है।
होस्टेस को बेवजह परेशान करते हैं यात्री, बिना पूछे खीचते हैं फोटो और बनाते है वीडियो
होस्टेसेस का कहना है कि तेजस एक्सप्रेस में हर सीट के ऊपर एक कॉल बटन है, जिसे दबाकर होस्टेस को बुलाया जा सकता है। लेकिन कई बार लोग बेवजह ही ये कॉल बटन दबा देते हैं। जब होस्टेस पहुंचती हैं तो कहते हैं कि हम देख रहे थे कि ये काम करता है या नहीं। बेवजह घंटी बजाए जाने से उन यात्रियों को सुविधा देने में दिक्कत होती है जिन्हें वास्तव में ज़रूरत होती है। कई यात्री ऐसे भी होते हैं जो ग़लत निग़ाहों से देखते हैं, या टिप्पणी करते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे लिए सबसे चुनौतीपूर्ण उन लोगों का व्यवहार है जो बिना पूछे तस्वीरें लेते हैं या वीडियो बनाते हैं। कई यात्री कॉल करके बुलाते हैं और पहले से ही कैमरा चालू रखते हैं हम उन्हें सर्व कर रहे होते हैं और वो हमारा वीडियो बना रहे होते हैं। ये सब हमें अच्छा नहीं लगता लेकिन हम कुछ कह नहीं पाते हैं साथ ही उन्होंने कहा की हमारे पास अपने-आप को साबित करने का एक बहुत अच्छा मौका है। लेकिन कई बार यात्रियों का व्यवहार असहज कर देता है कई बार यात्री बिना पूछे हमारे वीडियो बना देते हैं जो वायरल हो सकते हैं और परिवार के सामने हमें दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। लोग फ़ेसबुक पर लाइव कर देते हैं, टिकटॉक के लिए वीडियो बनाते हैं, बिना हमारी मर्ज़ी के यूट्यूब पर पोस्ट कर देते हैं।
कई होस्टेस का ये भी कहना है कि यात्री उन्हें टिप देने की कोशिश करते हैं ना लेने पर ज़बरदस्ती हाथ में पैसे थमा देते हैं। कई बार यात्री अपना नंबर देते है और अपने से दोस्ती करने को कहते हैं।

