Country Latest news

भारत विरोधी मार्च पर लंदन के मेयर सादिक खान ने की निंदा

कश्मीर मुद्दे को लेकर अगले रविवार यानी दिवाली पर लंदन में भारत के खिलाफ पैदल मार्च निकालने के कार्यक्रम की मेयर सादिक खान ने निंदा की है। साथ ही खान ने कहा कि इससे ब्रिटेन की राजधानी में विभाजन और गहरा होगा। उन्होंने आयोजकों और इसमें शामिल होने वाले संभावित प्रदर्शनकारियों से विरोध मार्च रद्द करने की अपील की है।

लंदन असेंबली के सदस्य और भारतीय मूल के नवीन शाह के पत्र के जवाब में खान ने अपने पत्र में कहा, ‘मैं दिवाली के पावन अवसर पर भारतीय उच्चायोग के नजदीक तक विरोध मार्च निकालने की योजना की सख्त निंदा करता हूं।’

मेयर सादिक खान ने आगे कहा कि ऐसे समय में जब लंदनवासियों को एकजुट होने की जरूरत है, यह मार्च लोगों को आपस में बांटेगा। इस वजह से मैंने आयोजकों को बुलाकर इस रैली को रद्द करने को कहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनका सिटी हॉल आफिस स्कॉटलैंड यार्ड के साथ मिलकर पूरी योजना तैयार कर रहा है।

विरोध रैली पर प्रतिबंध लगाने के निवेदन पर सादिक खान ने कहा कि यह शक्ति गृह सचिव के पास है, उनके पास नहीं। वह इस पत्र को गृह सचिव प्रीति पटेल, मेट्रोपोलिटन पुलिस आयुक्त क्रेसिडा डिक को भी भेज रहे हैं ताकि वे इस रैली को लेकर उनकी चिंता को समझ सकें।

इस मार्च में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के कथित राष्ट्रपति सरदार मसूद खान और प्रधानमंत्री राजा मुहम्मद फारूक हैदर खान के भी शामिल होने की संभावना है।

 

You may also like

MERA DDDD DDD DD