भारत का सीमावर्ती राज्य असम और पडोसी देश बांग्लादेश की सीमा पर हो रही अवैध घुसपैठ और तस्करी को देखते हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) अब ड्रोन की मदद से घुसपैठ और तस्करी पर लगाम लगाएगा। हाल ही में बीएसएफ ने असम के धुबरी जिले में अवैध घुसपैठ व तस्करी रोकने को लेकर इस्राइली रिमोट संचालित ड्रोन और थर्मल इमेजर खरीदे हैं। दरअसल बांग्लादेश के साथ भारत की सीमा का एक बड़ा हिस्सा नदी क्षेत्र से गुजरता है और नदी क्षेत्र में बाड़ लगाना संभव नहीं है। बीएसएफ के गुवाहाटी क्षेत्र के महानिरीक्षक पीयूष मोर्डिया ने कहा कि रात और दिन दोनों समय काम करने में सक्षम कैमरे से लैस ड्रोन धरती से 150 मीटर की ऊंचाई पर उड़ सकता है।
उन्होंने कहा ‘‘ड्रोन पतंग की भांति उड़कर ऊंचाई से तस्वीरें ले सकता है। ऊंचाई और दिशा तय करने के लिए ड्रोन से जुड़े केबल को जमीन से रिमोट से नियंत्रित किया जा सकता है।’’ साथ ही उन्होंने बताया, ‘‘पशुओं और नशीले पदार्थों की तस्करी अमूमन रात में की जाती है। नए खरीदे गए ड्रोन दिन में सीमा के आसपास छिपे तस्करों तस्वीरें उपलब्ध कराने में सक्षम होंगे।’’
मोर्डिया के अनुसार, धुबरी जिले की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि शरारती तत्व अकसर नदी के पानी में छिपकर देश में घुस आते हैं। ऐसे घुसपैठियों को रोकने के लिए बीएसएफ ने अंडरवाटर थर्मल इमेजर लगाए हैं। इससे तस्करों व पशुओं की गतिविधियों का पता चल सकेगा।

