झारखंड विधानसभा चुनावों की मतगणना के प्रारंभिक रुझानों में जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन आगे है। रुझानों में बीजेपी पीछे चल रही है। अब तक जो रुझान सामने आए हैं, उसके मुताबिक जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन को 45 सीटों पर आगे चल रही है। जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन शुरुआत से ही आगे चल रही है, मगर बीजेपी भी उसे काफी कड़ी टक्कर दे रही है। जेएमएम कांग्रेस गठबंधन बहुमत का आंकड़ा छू पाया है, अगर किसी भी पार्टी को बहुमत प्राप्त नहीं होता है तो झारखंड में फिर से त्रिशंकु विधानसभा के आसार हो सकते हैं। अगर त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनती है तो फिर निर्दलयी और छोटी पार्टियां अहम भूमिका निभा सकती हैं।
सुबह 10 .50 बजे तक के रुझानों के मुताबिक, जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन जहां 45 सीटों पर आगे चल रहा है, वहीं बीजेपी 25 सीटों पर आगे है। जेवीएम अब तक 3 सीटों से लीड कर रही है तो आजसू 4 वहीं निर्दलीय 4 सीटों पर है।
विधानसभा चुनाव परिणाम 2014:
भाजपा-42
जेएमएम-19
जेवीएम-8
कांग्रेस-6
अन्य- 6
पांच चरणों में हुए चुनाव:
उल्लेखनीय है कि पांच चरणों में 30 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच हुए मतदान के बाद सभी सीटों के लिए ईवीएम में बंद मतों की गणना सोमवार को जारी है। झारखंड विधानसभा चुनाव में 1087 पुरुष, 127 महिला तथा एक तीसरे लिंग के उम्मीदवारों समेत कुल 1,215 उम्मीदवारों ने अपना भाग्य आजमाया था, जिनके भविष्य पर आज फैसला सुनाया जाएगा।
हॉट सीट:
सबकी निगाहें जमशेदपुर पूर्वी सीट पर टिकी रहेंगी। मुख्यमंत्री रघुवर दास वर्ष 1995 से यहां से जीतते आ रहे हैं। उनके खिलाफ उनके पूर्व-कैबिनेट सहयोगी सरयू राय मैदान में हैं। राय ने पार्टी से टिकट कटने के बाद बगावत कर मुख्यमंत्री की राह का कांटा बनने का फैसला किया।
अन्य महत्वपूर्ण सीटें हैं:
दुमका और बरहेट, जहां से झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चुनाव लड़ रहे हैं। दुमका में वह समाज कल्याण मंत्री लुइस मरांडी के खिलाफ मैदान में हैं। इसके अलावा सिल्ली से आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो चुनावी मैदान में हैं, वहीं धनवार सीट पर झाविमो अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

