Country

अमिताभ बच्चन से अमर सिंह ने मांगी माफी, कहा- जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा हूं मुझे माफ कर दो

अमिताभ बच्चन से अमर सिंह ने मांगी माफी, कहा- जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा हूं मुझे माफ कर दो

सपा के पूर्व नेता अमर सिंह ने अमिताभ बच्‍चन के प्रति अपने व्‍यवहार पर शर्मिंदगी जाहिर की है। उन्होंने अमिताभ बच्चन और उनके परिवार के खिलाफ कही गई बातों के लिए अफसोस जाहिर किया और उसके लिए माफी। उन्‍होंने अपने ट्विटर हैंडल पर मंगलवार को लिखा, “आज मेरे पिता जी की पुण्यतिथि है और मुझे इसी वजह से अमिताभ बच्चन जी ने मैसेज भेजा। जिंदगी के ऐसे मोड़ पर जब मैं जीवन और मौत के संघर्ष में जूझ रहा हूं, मैं अमितजी और उनके परिवार के प्रति बेवजह की बयानबाजी के लिए खेद प्रकट करता हूं। भगवान उन सबकी रक्षा करे।”

अमर सिंह ने इस संबंध में एक और ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में उन्होंने कहा, “पिछले 10 वर्षों से मैं न सिर्फ बच्चन परिवार से दूर रहा, बल्कि यह भी प्रयत्न किया कि उनके दिल में मेरे लिए नफरत हो। लेकिन, आज अमिताभ बच्चनजी ने फिर मेरे पिताजी का स्मरण किया तो मुझे ऐसा लगा कि इसी सिंगापुर में 10 साल पहले गुर्दे की बीमारी के लिए मैं और अमितजी लगभग 2 महीने तक साथ रहे थे और इसके बाद हमारा और उनका साथ छूट सा गया। 10 साल बीत जाने पर भी उनकी निरंतरता में कोई बाधा नहीं आई और वे लगातार अनेक अवसरों पर, चाहे मेरा जन्मदिन हो या पिताजी के स्वर्गवास का दिन हो.. वे हर दिन का स्मरण कर अपने कर्तव्य का निर्वहन करते रहे हैं।”

उन्होंने इसके आगे कहा, “मुझे लगता है कि मैंने अनावश्यक रूप से ज्यादा उग्रता दिखाई। 60 से ऊपर जीवन की संध्या होती है। एक बार फिर मैं जिंदगी और मौत की चुनौती के बीच से गुजर रहा हूं। वे मुझसे उम्र में बड़े हैं इसलिए उनके प्रति मुझे नर्मी रखनी चाहिए थी और जो कटुवचन मैंने बोला है, उसके लिए खेद भी प्रकट कर देना चाहिए। मेरे मन में कटुता और नफरत से ज्यादा उनके व्यवहार के प्रति निराशा रही, लेकिन उनके मन में न तो कटुता है और न ही निराशा। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि सबको ईश्वर उनके कर्मों के अनुसार यथोचित न्याय दे। हमें सब ईश्वर पर छोड़ना चाहिए बजाय इसके कि हम उसके काम में खुद दखल दें। अमितजी बहुत-बहुत धन्यवाद।”

https://www.facebook.com/AmarSinghViews/videos/359559048260848

गौरतलब है कि कुछ ही सालों से किडनी की बीमारी के जुझ रहे हैं। एक जमाने में अमर सिंह और अमिताभ की बहुत गहरी दोस्ती हुआ करती थी। पर आगे चलकर दोनों के संबंधों में खटास आ गया। उसके बाद अमर सिंह ने बच्चन परिवार के खिलाफ खूब बोला। उन्होंने बच्चन परिवार पर क्रिमिनल केसों में लिप्त होने का भी आरोप लगाया था।

You may also like