कोरोना पर योगी सरकार के ख़िलाफ़ चलाई एक ख़बर के सम्बन्ध में योगी सरकार ने न्यूज़ वेबसाईट ‘द वायर’ के संस्थापक सिद्धार्थ वरदराजन को चेतावनी देते हुए कहा था कि वह अपनी इस ख़बर को डिलीट करें वरना इस पर कार्रवाई की जाएगी। लेकिन इसके बावजूद भी उस ख़बर को न हटाने पर योगी आदित्यनाथ के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने अब ‘द वायर’ के संस्थापक सिद्धार्थ वरदराजन के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज कराई है।
उन्होंने इसकी सूचना ट्वीट पर दी उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा- “हमारी चेतावनी के बावजूद इन्होंने अपने झूठ को ना डिलीट किया ना माफ़ी माँगी। कार्यवाही की बात कही थी, FIR दर्ज हो चुकी है आगे की कार्यवाही की जा रही है। अगर आप भी योगी सरकार के बारे में झूठ फैलाने के की सोच रहे है तो कृपया ऐसे ख़्याल दिमाग़ से निकाल दें।”
दरअसल, पूरा मामला यह है कि ‘द वायर’ के संस्थापक सिद्धार्थ वरदराजन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बारे में एक न्यूज़ लिखी थी। न्यूज़ तबलीगी जमात और योगी आदित्यनाथ के बयान पर आधारित था। ‘द वायर’ ने फेक न्यूज़ लिखा था कि “जिस दिन इस इस्लामी संगठन का मजहबी कार्यक्रम हुआ, उसी दिन सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि 25 मार्च से 2 अप्रैल तक अयोध्या प्रस्ताविक विशाल रामनवमी मेला का आयोजन नहीं रुकेगा क्योंकि भगवान राम अपने भक्तों को कोरोना वायरस से बचाएँगे।”
इसी लेख को संज्ञान में लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने सिद्धार्थ वरदराजन को फटकार लगाई। उन्होंने ‘द वायर’ और उसके संस्थापक पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री योगी ने कभी कोई ऐसी बात कही ही नहीं है, जैसा कि लेख में दावा किया गया है। उन्होंने सिद्धार्थ को चेताया कि अगर उन्होंने अपनी इस फेक न्यूज़ को तुरंत डिलीट नहीं किया तो कार्रवाई की जाएगी और उन पर मानहानि का मुकदमा भी चलाया जाएगा।
#फ़ैज़ाबाद के #कोतवालीनगर थाना में दर्ज कराया गया है यह FIR

