Country

राहुल गांधी ने फिर साधा PM पर निशाना, कहा- चीन के आक्रमण के आगे मोदी ने किया सरेंडर

राहुल ने ग्राफिक्स शेयर कर केंद्र से पूछा- कोविड के खिलाफ लड़ाई में भारत की स्थिति अच्छी है?

लद्दाख की गलवान घाटी में भारत और चीन की हिंसक झड़प के लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी सरकार पर लगातार निशाना साध रहे हैं। शनिवार को लगातार चौथे दिन राहुल ने ट्वीट किया कि चीन के आक्रमण के आगे प्रधानमंत्री ने सरेंडर कर दिया। राहुल ने यह भी पूछा कि अगर वह जमीन चीन की थी तो भारत के सैनिक शहीद क्यों हुए और जवान शहीद कहां हुए?

1. गलवान में चीन का हमला सोची-समझी साजिश थी।
2. सरकार गहरी नींद में थी, उसने समस्या को नहीं समझा।
3. शहीद हुए जवानों ने इसकी कीमत चुकाई।

राहुल ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी सीधे सवाल किए थे। रक्षा मंत्री ने कहा था कि गलवान वैली में हमारे सैनिकों के शहीद होने से दुखी हैं। राहुल ने उनसे पूछा कि आप चीन का नाम क्यों नहीं ले रहे। भारतीय सेना को बेइज्जत क्यों कर रहे हैं? जब सैनिक शहीद हो रहे हैं तो आप रैलियां कर रहे हैं? चीजें छिपाई क्यों जा रही हैं?

राहुल ने गुरुवार को भी सरकार पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि हमारे जवान बिना हथियारों के शहीद होने के लिए क्यों भेज दिए गए। इसके लिए कौन जिम्मेदार है। वहीं दूसरी तरफ चीन ने शुक्रवार देर रात फिर गलवान घाटी को अपना बताया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाऊ लिजियन ने कहा कि गलवान घाटी चीन का हिस्सा है और लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (एलएससी) से हमारी तरफ है। भारतीय सैनिक यहां पर जबरन रोड और ब्रिज बना रहे हैं।

चीन के अलग-अलग अफसरों ने चार दिन में पांचवीं बार कहा कि 15 जून की शाम को भारतीय सैनिकों ने समझौते को तोड़ते हुए जानबूझकर एलएसी को पार किया और चीन के सैनिकों पर हमला किया। लिजियन ने कहा कि 15 जून की घटना के लिए भारत जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि गलवान घाटी वास्तविक नियंत्रण रेखा के चीनी हिस्से में आता है। कई सालों से वहां चीनी गार्ड गश्त कर रहे हैं और अपनी ड्यूटी निभाते हैं।

You may also like