उत्तर प्रदेश के हाथरस में पिछले माह हुए बहुचर्चित गैंगरेप के बाद सुलगी जान आक्रोश की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि इस बीच यहां एक और दिल दहला देने वाली और शर्मनाक वारदात सामने आ रही है। हाथरस जिले में चार साल की एक मासूम बच्ची रेप का शिकार हुई है। मामला थाना सासनी क्षेत्र के एक गांव का है। कहा जा रहा है कि बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी उसके पड़ोस में रहने वाला उसका ही 20 वर्षीय चचेरा भाई उसे टॉफी दिलाने के बहाने अपने घर ले गया, जहां उसने बच्ची को अपनी हवस का शिकार बना डाला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को उपचार के लिए स्वास्थ्य केन्द्र ले गई। सूचना पर डीएसपी रुचि गुप्ता भी घटना स्थल पर पहुंची। उन्होंने पूछताछ कर परिजनों एवं ग्रामीणों से तथ्य जुटाए। पुलिस ने मासूम बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण स्वास्थ्य केन्द्र पर कराया है।
आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीएसपी रुचि गुप्ता ने बताया है कि इस मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करके आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले महीने हाथरस में ही एक दलित लड़की के साथ कथित गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया था। कथित गैंगरेप की शिकार लड़की की दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में मौत हो गई थी। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने रात में परिवार की अनुपस्तिथि में लड़की का अंतिम संस्कार कर दिया था ।इसके बाद यह मामला सियासी रंग ले चुका है। हाथरस कांड की सुनवाई इलाहाबाद हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक चल रही है।

