कोरोना वायरस के दौरान जब पूरा देश लॉकडाउन की गाइडलाइन का पालन कर रहा था, उस समय सबसे ज्यादा परेशानी प्रवासी मजदूरों को हुई। उन्हें वापिस अपने घर लौटने के लिए कहीं से कोई साधन नहीं मिल रहा था। उसी दौरान प्रवासी मजदूरों के लिए मसीहा बनकर सोनू सूद सामने आए थे। सोनू सूद ने मुंबई में फंसे प्रवासी मजदूरों को उनके घर भेजने का काम किया। उनके इस कार्य पर हर भारतीय ने सोनू की प्रंशसा की, खासकर बिहार के लोगों ने। क्योंकि मुंबई में ज्यादातर बिहार और यूपी के मजदूर फंसे हुए थे। उन सभी के लिए सोनू सूद मसीहा बनकर आए। आज बिहार में पहले चरण के लिए मतदान हो रहा है। चुनावों को लेकर सोनू सूद ने ट्वीट किया है।
https://twitter.com/SonuSood/status/1321299911472746496?s=20
सोनू ने अपने ट्वीट में बिहार के लोगों से सही रहनुमा चुनने के लिए अपील की है। सोनू ने अपने ट्वीट में कहा कि ” जिस दिन हमारे बिहारी भाइयों को घर छोड़ कर दूसरे राज्य नहीं जाना पड़ेगा। जिस दिन दूसरे राज्य के लोग बिहार में काम ढूँढने आएँगे। उस दिन देश की जीत होगी। वोट के लिए बटन उँगली से नहीं दिमाग़ से लगाना”।
आज बिहार की 71 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। चुनाव आयोग के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि “इन 71 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे कड़ी निगरानी और सुरक्षा पुख्ता व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया है। इसके साथ ही कोविड-19 को लेकर चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए मतदान की प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि आज दो करोड़ 14 लाख 84 हजार 787 मतदाता अपने मताधिकारों का प्रयोग करेंगे। संजय ने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी मतदान केंद्रों में अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है”।