पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस की शिकायत पर चुनाव आयोग ने कहा कि वोटिंग के दौरान कोई गड़बड़ी नहीं हुई। चुनाव आयोग नेटीएमसी प्रमुख ममता की चिट्ठी पर कहा कि नंदीग्राम में वोटिंग के दौरान बाधा नहीं हुई थी । टीएमसी का पोलिंग एजेंट बूथ पर आया ही नहीं। आयोग ने कहा कि बूथ पर पोलिंग एजेंट को रोकने की बात सही नहीं है । बूथ पर शांतिपूर्ण मतदान चल रहा था।
चुनाव आयोग ने कहा, नंदीग्राम में मतदान केंद्रों पर सुबह 5.30 बजे एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया और सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। इस मॉक ड्रिल के दौरान सभी राजनीतिक दलों के पोलिंग एजेंट मौजूद थे। आयोग ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज साबित करते हैं कि चुनाव में कोई गड़बड़ी नहीं हुई।
यह भी पढ़े :पश्चिम बंगाल में एक्शन में चुनाव आयोग
गौरतलब है कि बंगाल में दूसरे चरण का मतदान एक अप्रैल को हुआ था। वोटिंग के दौरान ममता बयाल-2 स्थित सात नंबर बूथ में लगभग दो घंटे तक रहीं थीं और वहीं से उन्होंने राज्यपाल जगदीप धनखड़ को फोन किया था और मतदान में धांधली का आरोप लगाया था। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर चुनाव कार्य में हस्तक्षेप का भी आरोप लगाया था। इसके साथ ही दीदी ने इस बाबत चुनाव आयोग को एक पत्र भी लिखा था।

