अपनी सरकार को ब्लैकमेल करने और अस्थिर करने के आरोप लगाने वाले उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने भले ही एक निजी टीवी चैनल के मालिक की गिरफ्तारी कर शुरूआती दौर में कइयों की वाहवाही बटोरी हो, वे अब इस पूरे प्रसंग में हाईकोर्ट समेत अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की चौतरफा आलोचना का शिकार हो रहे हैं। राज्य पुलिस इस चैनल के मालिक को रिमांड पर लेने के बावजूद ना तो कथित स्टिंग को बरामद कर पाई, ना ही झारखण्ड पुलिस  एक अन्य मामले में इस व्यक्ति को गिरफ्तार कर कुछ हासिल कर पाई। उत्तराखण्ड हाईकोर्ट ने भी सरकार की नीयत पर शंका जाहिर कर सीएम को डिफेंसिव करने का काम किया। अब जमानत पर रिहा आरोपी चैनल मालिक ने देहरादून प्रशासन को पत्र लिखकर राजधानी के परेड ग्राउंड में सार्वजनिक तौर पर इस स्टिंग को दिखाने की इजाजत मांग सीएम और सरकार की भारी फजीहत कर डाली है। जानकारों की मानें तो जल्द ही मुख्यमंत्री के करीबियों पर किया गया स्टिंग चैनल बाहर आ सकता है। यदि ऐसा हुआ तो सीएम की मुश्किलों में इजाफा होना तय है।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

You may also like