गत दिनों दिल्ली में नरेंद्र मोदी और अमित शाह से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुलाकात के बाद कई तरह की अटकलें लगाई जा रही है। कहा जा रहा है कि क्या नीतीश कुमार अब दिल्ली शिफ्ट होंगे? बिहार का क्या होगा? वहीं दूसरी ओर जेडीयू के वरिष्ठ नेता और प्रदेश महासचिव परम हंस कुमार के बयान से प्रदेश की राजनीति में खलबली मच गई है। उनके बयान से सवाल उठ रहे हैं कि क्या अब नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार राजनीति में एंट्री करेंगे? परम हंस कुमार ने कहा कि आज समय और परिस्थिति की जो मांग है नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को पार्टी और राज्य हित में आगे आना चाहिए। नीतीश कुमार हमेशा परिवारवाद पर हमला करते रहे हैं इस पर परम हंस कुमार ने कहा कि यह बात सही है कि वह अपनी जगह पर जिस बात को कहते हैं वह बिल्कुल सही है। परिवारवाद में जो सत्ता सुख भोगने की परंपरा चल चुकी है उसका हम लोग विरोध करते रहे हैं, लेकिन कहीं कोई ईमानदार, साफ-सुथरे नेता का कोई सुपुत्र हो जो ईमानदारी से देश की सेवा करना चाहता है, राज्य की सेवा करना चाहता है तो उसको आने में कोई दिक्कत नहीं है। निशांत कुमार के अंदर कोई भी लोभ-लालच नहीं है। चकाचौंध जीवन जीने की आदत उनको पसंद नहीं है। वह बेहतर से बेहतर बिहार की सेवा, पार्टी की सेवा कर सकते हैं इसलिए मैं मांग कर रहा हूं कि निशांत कुमार को निश्चित रूप से राजनीति में आना चाहिए। निशांत कुमार के बारे में बताते हुए परम हंस कुमार ने आगे कहा कि वह बहुत अच्छे और दूरदर्शी नेता साबित हो सकते हैं। ऐसे में सवाल है कि नीतीश कुमार के बाद क्या जेडीयू में कोई अच्छा नेता नहीं है? वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार क्या दिल्ली की राजनीति करेंगे? इस पर परम हंस कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार क्या करेंगे यह उनका निर्णय होगा। हम लोगों की बस यही मांग है कि निशांत को राजनीति में आगे आना चाहिए। मैंने अपनी भावना रख दी है। यह भावना सिर्फ मेरी नहीं पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं की है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD