हर वर्ष की तरह इस साल भी मिस यूनिवर्स का ऐलान हो गया है। इस वर्ष यह प्रतियोगिता अल सेल्वाडोर में आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में 90 देशों की हसीनाओं ने भाग लिया था। अब इसका निर्णय भी आ चुका है और निकारागुआ की शेनिस पलासियोस को मिस यूनिवर्स का ताज पहनाया गया है। शेनिस पलासियोस मॉडल हैं, जिन्होंने पहली बार मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में अपने देश को जिताया। ताज पहनते ही वो भावुक हो गईं और उनके आंसू छलक पड़े। इस प्रतियोगिता की मेजबानी अमेरिकी टेलीविजन प्रस्तोता जेनी माई और मिस यूनिवर्स 2012 ओलिविया कल्पो ने की थी। निकारागुआ की शेनिस पलासियोस, ऑस्ट्रेलिया की मोरया विल्सन और थाईलैंड की एन्टोनिया पोर्सिल्ड ने टॉप 3 में जगह बनाई, लेकिन शेनिस ने इस प्रतिस्पर्धा को जीता और वे 2023 की मिस यूनिवर्स बन गई। भारतीय उम्मीदवार श्वेता शारदा ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया था लेकिन वो टॉप 10 में शामिल नहीं हो सकी। पाकिस्तान मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में डेब्यू किया था। हालांकि वह भी टॉप-10 में जगह बनाने में कामयाब नहीं हो सकीं।
मिस यूनिवर्स 2023 के लिए फाइनल प्रश्न था ‘यदि आप एक साल तक किसी अन्य महिला के स्थान पर रह सके तो आप किसे चुनेंगे और क्यों? मिस ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि वह अपनी मां की तरह बनना चाहती हैं। वहीं मिस थाईलैंड ने अपने जवाब के रूप में मलाला यूसुफजई का नाम लिया। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष और उपलब्धियां उन्हें बहुत प्रेरित करती हैं। लेकिन शेनिस पलासियो का जवाब सबसे अलग और अप्रत्याशित था। उन्होंने मैरी वोल्स्टोनक्राफ्ट के नाम का जिक्र किया। उन्हें महिला अधिकार कार्यकर्ता और नारीवाद की जननी के रूप में जाना जाता है।
शेनिस पलासियोस निकारागुआ की जानी पहचानी मॉडल हैं। वह निकारागुआ की राजधानी मंगुआ में पली बढ़ी हैं। शेनिस ने जनसंचार में डिग्री हासिल की हुई है। बहुत कम उम्र में ही वह मॉडलिंग की दुनिया में आ गई थीं। वह 2016 में पहली बार तब चर्चा में आई थीं जब उनको मिस टीन निकारागुआ 2016 चुना गया था। इसके बाद वर्ष 2017 में उन्होंने टीन मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में निकारागुआ का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद वर्ष 2020 में उन्हें मिस वर्ल्ड निकारागुआ चुना गया। 2022 में सैन जुआन, 2021 में प्यूर्टो रिको में आयोजित मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भी वह अपने देश की ओर से हिस्सा ले चुकी हैं। इसके आलावा शेनिस खेल प्रेमी भी हैं वह यूनिवर्सिटी लेवल पर बालीबॉल खेल चुकी हैं।

