Uttarakhand

भारती बनी सीएसीएल की पहली युवा राष्ट्रीय प्रतिनिधि

गत् 20 अप्रैल को आयोजित किए गए कैम्पेन अगेंस्ट चाइल्ड लेबर (सीएसीएल) के राष्ट्रीय स्तर के चुनाव में अल्मोड़ा की भारती पाण्डे देश की पहली युवा प्रतिनिधि के तौर पर चुनी गई हैं। विगत दिवस हुए इस चुनाव का उद्देश्य सीएसीएल में युवा प्रतिनिधि को चुनकर इसमें युवाओं को शामिल करना था।

सीएसीएल वर्ष 1992 में स्थापित किया गया एक राष्ट्रीय नेटवर्क है जो भारत को बाल मजदूरी से मुक्त करने के लिए निरंतर कार्यरत है और देश के सभी राज्यों में सक्रिय है। इसमें प्रथम बार युवा प्रतिनिधि को युवाओं द्वारा चुना गया है। ऑनलाइन हुई यह चुनाव प्रक्रिया दो दिन चली जिसमें अंततः उत्तराखण्ड अल्मोड़ा से भारती पाण्डे ने यह चुनाव जीता। इस चुनाव प्रक्रिया में पूरे देश से अलग-अलग राज्यों राजस्थान, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पश्चिम बंगाल व उत्तराखण्ड समेत कुल 7 प्रतिनिधि चुनाव प्रत्याशी रहे।

भारती पाण्डे वर्तमान में उत्तराखण्ड यूथ नेटवर्क की राज्य संयोजक और इंडियन यूथ फेडरेशन की राष्ट्रीय संयोजक हैं और जलवायु परिवर्तन, समानता, महिला, बच्चों और वंचित तबकों के लिए आवाज उठाती रही हैं, साथ ही देश व राज्य के तमाम जन आंदोलनों (एंटी एनआरसी, एंटी सीएए, किसान आंदोलन, हेलंग आंदोलन, जगदीश हत्याकांड, अंकिता भंडारी हत्याकांड के खिलाफ हुए आंदोलनों का) हिस्सा रही हैं। इससे पहले भारती लगातार दो बार एशिया प्रशांत युवा ग्रीन क्षेत्र की कोषाध्यक्ष भी रह चुकी हैं जहां उन्होंने उत्तराखण्ड के जलवायु परिवर्तन के मुद्दों को उठाया।

सीएसीएएल की प्रथम राष्ट्रीय युवा प्रतिनिधि चुने जाने पर उन्होंने सभी का आभार जताया और कहा कि वह बाल अधिकारों को लेकर कार्य करेंगी और बाल श्रम के खिलाफ युवाओं की आवाज को मुखर करेंगी साथ ही भारत को बाल श्रम से मुक्त करने के साथ ही वंचित बच्चों की शिक्षा के लिए भी कार्य करेंगी।

भारती पाण्डे मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के पल्यूं गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी शिक्षा गांव में रहकर श्री श्री मां आनंदमई आदर्श राजकीय इंटर काॅलेज धौलछीना से प्राप्त की उसके बाद उन्होंने अपनी स्नातक की पढ़ाई कुमाऊं विश्वविद्यालय से पूरी की और वर्तमान में वे सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा से पत्रकारिता में परास्नातक की पढ़ाई कर रही हैं और इंडियन यूथ फेडरेशन की राष्ट्रीय संयोजक और उत्तराखण्ड यूथ नेटवर्क की राज्य संयोजक हैं।

You may also like