कुछ ही महीनों बाद होने जा रहे झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी कमियों को दुरुस्त करने में जुट गई हैं, वहीं झारखंड की सियासत की समझ रखने वाले कद्दावर नेता सरयू राय आखिरकार जेडीयू में शामिल हो गए हैं। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सरयू राय को पार्टी की सदस्यता दिलाई। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले सरयू राय को अपनी पार्टी में शामिल कराकर सीएम नीतीश ने बड़ा दांव खेला है। असल में जेडीयू राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा पाने के लिए लंबे समय से कोशिश कर रही है। हालांकि उसे इसमें सफलता नहीं मिल पा रही थी। ललन सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद नीतीश ने पार्टी की कमान अपने हाथ में ले ली थी और अब मुख्यमंत्री पद के साथ-साथ वे पार्टी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने की कवायद में जुटे हैं। लोकसभा चुनाव में बिहार में जेडीयू के बड़े भाई की भूमिका में उभरकर सामने आने के बाद नीतीश कुमार ने आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव में उतरने का फैसला लिया है। इसको लेकर पिछले दिनों नीतीश ने झारखंड के जेडीयू अध्यक्ष खीरू महतो अथवा पार्टी के अन्य नेताओं के साथ बैठक की थी। इससे पहले झारखंड में बड़ी सियासी समझ रखने वाले दिग्गज नेता सरयू राय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। इस सियासी मुलाकात के बाद से ही यह कयास लगाए जा रहे थे कि सरयू राय जल्द ही जेडीयू में शामिल हो सकते हैं। ये वही सरयू राय हैं जिन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान झारखंड के तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास को हराया था। ऐसे में चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने सरयू को अपनी पार्टी में शामिल कराकर बड़ा दांव खेल दिया है। गौरतलब है कि झारखंड में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में जेडीयू पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरने की रणनीति बना रही है।
सरयू सहारे नीतीश

