दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों का भले ही अभी ऐलान नहीं हुआ है लेकिन नेताओं का दल बदल और सीट को लेकर दावेदारी इन दिनों चरम पर है। इस बीच भाजपा नेता बॉक्सर विजेंदर सिंह का एक पोस्टर काफी वायरल हो रहा है। जिसे उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर एक शेयर किया है जिसमें लिखा है कि मैदान बदला है, लेकिन हौसले वही हैं। आपका बेटा, आपका साथी, आपका विजेंद्र जीतेंगे। दिल्ली में इस पोस्ट को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा गर्म है कि वे दिल्ली के चुनावी दंगल में उतर सकते हैं। यहां तक कहा जा रहा है कि कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आने वाले बॉक्सर विजेंदर सिंह को पार्टी दक्षिण दिल्ली से मैदान में उतार सकती है। 2019 में उन्हें इस सीट से बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी ने हराया था। विजेंदर सिंह 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हो गए थे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कुछ ही दिनों के भीतर बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद सभी 70 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम पर फाइनल मुहर लग जाएगी। गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल फरवरी 2025 में खत्म हो रहा है और फरवरी की शुरुआत में चुनाव होने की संभावना है। आम आदमी पार्टी ने साल 2020 चुनाव में 70 में से 62 सीटें जीती थीं वहीं साल 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में 70 में से 67 सीटें जीत सत्ता अपने नाम की थी। वहीं अब करीब दो महीने से भी कम वक्त में आयोजित होने वाले चुनाव को लेकर इस बार फिर से पार्टी ने कमर कस ली है तो बीजेपी और कांग्रेस भी सत्ता में वापसी के लिए तैयारियों में जुटे हैं।
दिल्ली से चुनाव लड़ेंगे विजेंदर!

