आईपीएल के अठारहवें संस्करण 2025 का आगाज 22 मार्च से शुरू हो गया है। इस सीजन के अभी तक खेले गए मुकाबलों में एक ओर जहां बल्लेबाजों की धूमधड़ाका बल्लेबाजी देखने को मिल रही है, वहीं गेंदबाजों की जमकर धुनाई हो रही है। खासकर दूसरे मुकाबले में आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा पारी का स्कोर बना जिसमें हैदराबाद की टीम ने राजस्थान राॅयल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 286 रन बनाए। इस मैच में राजस्थान के गेंदबाज जोफ्रा आर्चर आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा महंगे साबित हुए तो दूसरी तरफ हैदराबाद की तरफ से ईशान किशन जो पिछले काफी समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं ने इस मैच में शानदार वापसी करते हुए नाबाद शतक जड़ अपने आलोचकों को चुप करा दिया है
इंडियन प्रीमियर लीग की नीलामी के बाद अब आईपीएल के अठारहवें संस्करण 2025 का आगाज पिछले हफ्ते 22 मार्च से शुरू हो गया है। इस सीजन के अभी तक खेले गए मुकाबलों में एक ओर जहां बल्लेबाजों की धूमधड़ाका बल्लेबाजी देखने को मिल रही है, वहीं गेंदबाजों की जमकर धुनाई हो रही है। पहले मुकाबले की बात करें तो कोलकाता नाइट राइडर्स और राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया जिसमें बेंगलुरु ने धमाकेदार जीत दर्ज की वहीं दूसरे मुकाबले में आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा पारी का स्कोर बना जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने राजस्थान राॅयल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 286 रन बनाए। इस मैच में राजस्थान राॅयल्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई देखने को मिली जिसमें जोफ्रा आर्चर सबसे ज्यादा महंगे साबित हुए। आर्चर के लिए ये मुकाबला उनके अब तक के आईपीएल करियर का सबसे खराब मैच साबित हुआ। आर्चर ने अपने 4 ओवर्स की गेंदबाजी में जहां एक भी विकेट हासिल नहीं किए बिना 76 रन दिए जो आईपीएल इतिहास में अब तक का सबसे महंगा स्पेल भी हो गया है। जोफ्रा आर्चर को राजस्थान राॅयल्स की टीम ने आईपीएल 2025 के मेगा आॅक्शन में 12.5 करोड़ रुपए में अपनी टीम का हिस्सा बनाया है।

जोफ्रा आर्चर का सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में गेंदबाजी से बिल्कुल भी अपना प्रभाव दिखाने में कामयाब नहीं हो सके जिसमें उनके पहले ही ओवर में जहां कुल 23 रन पड़े तो इसके बाद आर्चर ने अपने दूसरे ओवर में 11 रन पड़ने के साथ वह 2 ओवर्स में कुल 35 रन दे दिए थे। जोफ्रा ने अपने स्पेल के तीसरे ओवर में 13 रन दिए तो वहीं चैथे ओवर में कुल 18 रन दे दिए। यही नहीं आर्चर का ये उनके टी-20 करियर का भी सबसे खराब स्पेल रहा। इससे पहले इसी साल 2025 में ही भारत के खिलाफ चेन्नई के मैदान पर खेले गए टी-20 मुकाबले में आर्चर ने अपने स्पेल में कुल 60 रन दिए थे जिसमें वह सिर्फ एक विकेट लेने में ही कामयाब हो सके थे।
इसके साथ ही कुल 76 रन देते हुए जोफ्रा आर्चर आईपीएल इतिहास में सबसे महंगा स्पेल फेंकने वाले गेंदबाज बन गए जिसमें उन्होंने मोहित शर्मा का रिकाॅर्ड तोड़ा है। मोहित ने साल 2024 में खेले गए आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ कुल 73 रन दिए थे। आईपीएल इतिहास में अपने चार ओवर के कोटे में सबसे ज्यादा रन देने वाले गेंदबाजों की बात करें तो साल 2018 में बासिल थम्पी ने राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 70 रन दिए तो दो साल पहले 2023 में यश दयाल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में 69 रन दिए थे। पिछले साल 2024 में मोहित शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 73 रन दिए तो वहीं अब जोफ्रा आर्चर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 76 रन दे यह शर्मनाक रिकाॅर्ड अपने नाम कर लिया है।

दूसरी तरफ हैदराबाद की तरफ से ईशान किशन जो पिछले काफी समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं ने इस मैच में दमदार वापसी करते हुए नाबाद शतक जड़ अपने आलोचकों को चुप करा दिया है।
गौरतलब है कि हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज हेड और अभिषेक शर्मा ने टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। जैसे ही अभिषेक शर्मा आउट हुए तो ईशान किशन बैटिंग करने के लिए उतरे। उन्होंने आते ही आक्रामक शाॅट्स खेलना शुरू किया और राजस्थान के सभी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने 25 गेंदों में अपना अर्धशतक लगाने के बाद भी ईशान पांचवें गियर में बैटिंग कर।45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह उनके आईपीएल करियर का पहला शतक है। उनकी इस शतकीय पारी की बदौलत हैदराबाद स्कोरबोर्ड पर बड़ा टोटल लगाने में कामयाब रही। किशन 47 गेंदों में 106 रन बनाकर नाबाद लौटे। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चैके और 6 छक्के लगाए।
हेड और अभिषेक ने भी खेली अच्छी पारी
ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा ने इस मैच में हैदराबाद के लिए पारी का आगाज किया। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 3.1 ओवर में 45 रन जोड़े। अभिषेक ने 11 गेंदों में 5 चैकों की मदद से 24 रन बनाए। वहीं उसके बाद हेड ने 31 गेंदों में 67 रन बनाए। इन दोनों ने जो टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई थी उसे ईशान किशन, नीतीश रेड्डी और हेनरिक क्लासेन ने भी जारी रखा।

गौरतलब है कि आईपीएल 2025 का दूसरा मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान राॅयल्स के बीच खेला गया। इस मैच में राजस्थान राॅयल्स के नए कप्तान रियान पराग ने टाॅस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया लेकिन उनका ये फैसला पूरी तरह गलत साबित हुआ। सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने इस मैच में राजस्थान के गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर 286 रन बना डाले। हालांकि जबाब में राजस्थान ने भी 6 विकेट के नुकसान पर 242 रन बनाए।

