sport

नया विजेता या पुराने मारेंगे बाजी?

क्रिकेट में कुछ भी तय नहीं होता और यही इसकी सबसे बड़ी खूबसूरती है। हर मैच के साथ बदलती कहानी, हर ओवर के साथ नया मोड़ और आखिर में एक ऐसा चैम्पियन जो पूरे सीजन की मेहनत, रणनीति और जुनून का असली हकदार होता है। इस बार भी इंडियन प्रीमियर टी-20 लीग में पुरानी ताकतें और नई उम्मीदें आमने-सामने खड़ी हैं। अगर नई और उभरती टीमें मौके का पूरा फायदा उठाती हैं तो एक नया चैम्पियन देखने को मिल सकता है, वहीं अगर अनुभवी और स्थापित टीमें अपने अनुभव और दबदबे को कायम रखती हैं तो इतिहास खुद को दोहराने से नहीं चूकेगा

दुनिया की सबसे लोकप्रिय इंडियन प्रीमियर टी20 लीग 2026 संस्करण एक बार फिर रोमांच, अनिश्चितता और हाईवोल्टेज मुकाबलों के साथ दस्तक दे चुका है। 28 मार्च को डिफेंडिंग चैम्पियन राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हुए उद्घाटन मुकाबले उसके बाद दिल्ली, पंजाब तथा राजस्थान का धमाकेदार प्रदर्शनों ने यह संकेत दे दिया कि इस सीजन में हर मैच एक नई कहानी लिखेगा। हर साल की तरह इस बार भी मीडिया और सोशल मीडिया सहित खेल प्रेमी अपना- अपना गुणा-भाग लगाने में जुट गए हैं और पूछ रहे हैं कि इस बार कौन सी टीम ट्रॉफी उठाएगी? क्या हमें एक नया विजेता मिलेगा या पुराने चैम्पियन ही बाजी मारेंगे? क्या डिफेंडिंग चैम्पियन राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरु खिताब बरकरार रख पाएगी जैसे तमाम सवाल खेल प्रेमियों के मस्तिष्क में घूम रहे हैं।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर अभिनव मुकुंद ने प्लेआॅफ में पहुंचने वाली चार टीमों को लेकर अपनी भविष्यवाणी कर दी है। मुकुंद ने यह भविष्यवाणी एबी डी विलियर्स के यूट्यूब चैनल पर की। उनकी चार टीमों में से तीन टीमें पिछले सीजन भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने में कामयाब रही थी। अभिनव मुकुंद ने पहला नाम डिफेंडिंग चैम्पियन राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का लिया है। आरसीबी ने पिछले साल ही ट्रॉफी का सूखा खत्म कर आईपीएल खिताब पर कब्जा जमाया था। फाइनल में उन्होंने पंजाब किंग्स को हराकर 17 साल बाद ट्रॉफी उठाई थी। आरसीबी इस सीजन अपना टाइटल डिफेंड करने के इरादे से उतरेगी। दूसरी टीम के रूप में उन्होंने पिछले साल की उपविजेता पंजाब किंग्स को चुना। पंजाब किंग्स का पिछला सीजन नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में शानदार रहा था। हालांकि वह फाइनल का आखिरी पड़ाव पार करने में कामयाब नहीं रहे थे। पंजाब की टीम 2014 के बाद पहली बार फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही थी। इनके अलावा मुकुंद ने अन्य दो टीमों के रूप में 5-5 बार की चैम्पियन मुम्बई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स को चुना। मुम्बई पिछले सीजन भी प्लेऑफ में पहुंची थी, मगर चेन्नई का प्रदर्शन पिछले दो सीजन से निराशाजनक रहा है। हालांकि इस सीजन उनकी पूरी टीम लगभग-लगभग बदली है। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि मुम्बई और चेन्नई भी खिताबी सिक्सर लगा सकती है।
दूसरी तरफ खेल विश्लेषकों की मानें तो अभी से इन सवालों का जवाब देना आसान नहीं है क्योंकि आईपीएल की खूबसूरती ही इसकी अनिश्चितता में छिपी है। आईपीएल 2026 में कई टीमें मजबूत दावेदार के रूप में उभरकर सामने आई हैं। उनके प्रदर्शन, स्क्वाड की गहराई, कप्तानी और मौजूदा फार्म को देखते हुए यह तय करना दिलचस्प होगा कि आखिर कौन सी टीम इस बार चैम्पियन बन सकती है। अगर मौजूदा संतुलन और प्रदर्शन की बात करें तो मुम्बई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब जैसी टीमें सबसे मजबूत दावेदार नजर आती हैं लेकिन राजस्थान राॅयल, गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल कभी भी गेम बदलने की क्षमता रखती हैं।

अनुभव और संतुलन देखें तो मुम्बई हमेशा से आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक रही है। उनकी सबसे बड़ी ताकत है मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप, डेथ ओवर्स में प्रभावी गेंदबाजी, बड़े मैचों में खेलने का अनुभव। वे लीग स्टेज में भले ही उतार-चढ़ाव दिखाएं लेकिन प्लेआॅफ में उनका खेल एक अलग ही स्तर पर पहुंच जाता है। यही कारण है कि उन्हें हर साल खिताब का प्रबल दावेदार माना जाता है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल की सबसे स्थिर टीम कहा जाए तो गलत नहीं होगा। चेन्नई की टीम हालात के अनुसार खुद को ढालने में माहिर है। धीमी पिचों पर उनका खेल और भी खतरनाक हो जाता है। अगर टीम का कोर ग्रुप फिट और फार्म में रहता है तो वे एक बार फिर ट्रॉफी जीत सकते हैं।

खेल समीक्षक यह भी कहते हैं कि आईपीएल की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यहां कुछ भी तय नहीं होता। कप्तान का निर्णय मैच का रुख बदल सकता है। सही समय पर गेंदबाजी बदलाव और फील्ड सेटिंग बेहद अहम होती है। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों का फाॅर्म सबसे बड़ा अंतर पैदा करता है। लम्बे टूर्नामेंट में फिटनेस बनाए रखना बेहद जरूरी है। अलग-अलग पिचों पर खेलने की क्षमता टीम की असली परीक्षा होती है। लीग स्टेज और प्लेऑफ का खेल अलग होता है। कागज पर मजबूत टीम भी हार सकती है और कमजोर मानी जाने वाली टीम चैम्पियन बन सकती है। विजेता वही टीम बनेगी जो लगातार अच्छा प्रदर्शन करे, दबाव में शांत रहे, सही समय पर सही फैसले लेगी।

नया विजेता मिलेगा या पुराने रोकेंगे रास्ता?
आईपीएल 2026 में टीमों का संतुलन पहले से कहीं ज्यादा बेहतर नजर आता है। अब कोई भी टीम ‘कमजोर’ नहीं मानी जा सकती। हर टीम के पास मैच विनर खिलाड़ी हैं। इसका सीधा मतलब है प्रतिस्पर्धा बेहद कड़ी होगी और नए विजेता की सम्भावना भी उतनी ही ज्यादा। जहां एक ओर नई टीमों के पास मौका है, वहीं मुम्बई, चेन्नई और कोलकाता जैसी टीमें हमेशा खतरा बनी रहती हैं। पुरानी चैम्पियन टीमें अपने अनुभव से बड़े मैचों का दबाव झेलने की क्षमता और मजबूत टीम संस्कृति से किसी भी नई टीम के सपने को तोड़ सकती हैं।

दूसरी तरफ मौजूदा परिस्थितियों को देखें तो 2026 में नए विजेता की सम्भावना काफी मजबूत है। कई टीमें पहली बार खिताब जीतने के करीब हैं पुरानी टीमें अस्थाई दौर में हैं और युवा खिलाड़ियों का प्रभाव बढ़ रहा है। हालांकि यह भी सच है कि आईपीएल में अनुभव का कोई विकल्प नहीं होता। अगर पंजाब या दिल्ली जैसी टीमें लय में रहती हैं तो नया विजेता मिल सकता है। अगर मुम्बई या चेन्नई फाॅर्म में आती हैं तो इतिहास दोहराया जा सकता है।

खिताब बरकरार रख पाएगी बेंगलुरु
डिफेंडिंग चैम्पियन आरसीबी टीम में लगातार सफलता पाने की क्षमता है। रजत पाटीदार की कप्तानी और विराट कोहली के शानदार फाॅर्म के साथ टीम ने 17 खिलाड़ियों को रिटेन किया है जिससे कोर टीम मजबूत बनी हुई है। हालांकि जोश हेजलवुड की सम्भावित अनुपस्थिति के बीच, गेंदबाजी की जिम्मेदारी नए खिलाड़ियों पर होगी।

पिछले साल की चैम्पियन टीम के अधिकतर खिलाड़ी बरकरार हैं जिससे टीम का तालमेल बेहतरीन है। विराट कोहली, फिल साल्ट, रजत पाटीदार और टिम डेविड जैसे धाकड़ बल्लेबाज टीम की सबसे बड़ी ताकत हैं। गेंदबाजी में यश दयाल की जगह आए मंगेश यादव और तेज गेंदबाज जैकब डफी का प्रदर्शन अहम होगा। विराट कोहली ने अपनी टीम को सतर्क किया है कि खिताब बचाने के लिए पिछले सीजन से भी बेहतर प्रदर्शन की आवश्यकता होगी। हालांकि टीम पर खिताब बचाने का दबाव है अगर टीम दबाव को सम्भाल लेती है और बड़े मैचों में प्रदर्शन करती है तो यह साल उनके लिए ऐतिहासिक हो सकता है।

खत्म होगा पंजाब का इंतजार?
पिछले सीजन की उपविजेता पंजाब किंग्स आईपीएल की उन टीमों में शामिल है जिसने कई बार अच्छी शुरुआत की लेकिन खिताब नहीं जीत पाई। इस बार अगर टीम आक्रामक बल्लेबाजी नए कप्तान के साथ स्पष्ट रणनीति और युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बना रहा तो यह उनका साल हो सकता है।

कोलकाता नाइट राइडर्स : अनिश्चित लेकिन खतरनाक कोलकाता की टीम हमेशा से ‘अप्रत्याशित विजेता’ रही है। उसकी आक्रामक बल्लेबाजी, स्पिन अटैक की ताकत, युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण किसी भी टीम को हरा सकती है। उनकी समस्या सिर्फ निरंतरता की रही है।

राजस्थान राॅयल्स : आईपीएल के पहले ही संस्करण 2008 में खिताब जीतने वाली राजस्थान टीम अपने दूसरे टाइटल के इंतजार में है। युवा जोश और संतुलन के दम पर राजस्थान ने पिछले कुछ सालों में शानदार प्रदर्शन किया है। युवा खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, टाॅप  ऑर्डर की स्थिरता और तेज गेंदबाजी में धार टीम की मजबूत कड़ी है। अगर टीम अपनी लय बरकरार रखती है तो वे खिताब के प्रबल दावेदार बन सकते हैं।
गुजरात टाइटंस : गुजरात की टीम ने कम समय में ही अपनी पहचान बना ली है। उसका यह पांचवा सीजन है। टीम ने अपने पहले ही सीजन  2022 में खिताब जीता था। उसकी निगाहें दूसरे खिताब जीत पर है। अब मजबूत ऑलराउंडर, संतुलित टीम और शानदार टीम मैनेजमेंट टीम का मजबूत पक्ष है। गुजरात की खासियत यह है कि वे दबाव में भी शांत रहते हैं और मैच को अंत तक ले जाते हैं।

खिताब के सूखे को खत्म करेगी दिल्ली?
दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल में कई बार प्ले ऑफ तक का सफर तय किया है लेकिन ट्राॅफी से अब तक दूर रही है। टीम इस बार अपने पहले खिताब के सूखे को खत्म करने के लिए अक्षर पटेल की कप्तानी में एक बहुत ही मजबूत और संतुलित टीम के साथ उतरी है। टीम के पास बल्लेबाजी में केएल राहुल, ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा सहित कई ऑलराउंडर्स खिलाड़ी हैं तो गेंदबाजी में कुलदीप यादव और अक्षर जैसे प्रमुख खिलाड़ी हैं। पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा सहित कई विशेषज्ञों ने दिल्ली के इस साल खिताब जीतने की सम्भावना जताई है। अगर टीम अपनी कमजोरियों पर काबू पा लेती है तो नया इतिहास बन सकता है।
दूसरा टाइटल जीतेगी हैदराबाद?

सनराइजर्स हैदराबाद के पास आक्रामक बल्लेबाजी में ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन के दम पर दूसरा खिताब जीतने का मजबूत मौका है। लेकिन गेंदबाजी, जिसमें हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट जैसे खिलाड़ी हैं, पर उंगली उठाई जा रही है कि क्या वे बड़े स्कोर का बचाव कर पाएंगे। पिछले सीजनों में हैदराबाद शानदार शुरुआत के बाद भी बड़े स्कोर के बावजूद जीत के अभियान को जारी नहीं रख पाई। हैदराबाद की टीम 2016 के बाद से अपने दूसरे खिताब के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। अगर वे अपनी गेंदबाजी को मजबूत करते हैं और निरंतरता लाते हैं तो निश्चित रूप से खिताब के प्रबल दावेदार हैं।

लखनऊ सुपरजायंट्स
लखनऊ अपना पांचवां सीजन खेल रही है। 2022 में अपना पहला सीजन खेलने वाली यह टीम ऋषभ पंत की कप्तानी में इस साल खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरी है। टीम के प्रमुख बल्लेबाज खिलाड़ी कप्तान ऋषभ पंत, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, एडेन मार्करम, मिचेल मार्श, अब्दुल समद हैं तो गेंदबाजी में मोहम्मद शमी, आवेश खान, एनरिक नाॅर्खिया जैसे मैच विनर शामिल हैं। टीम की बल्लेबाजी और तेज गेंदबाजी काफी मजबूत नजर आ रही है। टीम का फोकस पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीतना है। ऐसे में संभावनाएं जताई जा रही हैं कि लखनऊ सुपरजाइंट्स आईपीएल 2026 का खिताब जीत पहली बार विनर बन सकती है।

You may also like