जब फैशन की बात होती है तो आम तौर पर हमारी कल्पना रंगीन परिधानों, फैशन शो की चमक-धमक और ग्लैमर की होती है। लेकिन फैशन की दुनिया की असली धड़कन वहां होती है, जहां डिजाइन सोच से निकलकर कपड़े में ढलता है, जहां हर सीम, हर बटन, हर रंग और हर माप को मापदंडों के कसौटी पर कसा जाता है। यही असली दुनिया है फैशन ब्रांड हेनिस और माॅरिस की जिसे दुनिया ‘एच एंड एम’ के नाम से जानती है। हेनिस और माॅरिस (एच एंड एम) ने न केवल तेज फैशन को सुलभ और ग्लोबल बनाया, बल्कि अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए फैशन डिजाइन, उत्पादन और विपणन के क्षेत्र में डिजिटल क्रांति का नेतृत्व कर रहा है। इस ब्रांड के साथ काम करते हुए मैंने सीखा कि कैसे रचनात्मकता, अनुशासन, तकनीक और टीमवर्क फैशन को सिर्फ व्यापार नहीं, बल्कि एक मिशन में बदल देते हैं
गीतिका क्वीरा
फैशन डिजाइनर और वस्त्र निर्यातक
‘स्वीडन के वेस्टरास शहर में वर्ष 1947 में स्थापित, हेनिस और माॅरिस (Hennes & Mauritz) ने पिछले सात दशकों में फैशन के अर्थ और उसकी गति दोनों को बदल दिया है। इस ब्रांड की सबसे बड़ी विशेषता है – फास्ट फैशन माॅडल। यानी डिजाइन से लेकर स्टोर में उत्पाद पहुंचने तक का समय केवल कुछ ही सप्ताह होता है।
आज एच एंड एम की उपस्थिति 79 देशों में 4400 से अधिक स्टोर्स के साथ फैली हुई है। यह ब्रांड हर सप्ताह नए डिजाइन पेश करता है। इसके अंतर्गत COS, Monki, & Other Stories, Arket, Afound जैसे ब्रांड भी आते हैं जो विभिन्न आयु वर्गों और स्टाइल धाराओं को लक्षित करते हैं।

क्वालिटी कंट्रोल का जो मानक इस ब्रांड ने अपनाया है, वह किसी सैन्य अनुशासन से कम नहीं। इनका स्थानीय कार्यालय हर स्तर पर जांच करता है। कच्चे माल से लेकर अंतिम पैकिंग तक। हम रात-रात भर काम करते थे। मेरी टीम के कई सदस्य कई बार मानसिक दबाव में टूटने की कगार पर पहुंच जाते थे। कई बार खुद मुझे भी लगता था कि यह सब छोड़ दूं लेकिन हर बार यह अनुभव और यह ब्रांड मुझे फिर से वापस खींच लाता था। एक बार हमारे पास एक बड़ा समर ड्राॅप ऑर्डर था, डेडलाइन करीब थी और कई रातें हमने बिना सोए काम में लगाईं। लेकिन जब वो माल स्वीकृत हुआ और यूरोप के स्टोरों में सजाया गया तो जो संतोष मिला, वह अवर्णनीय था।

हेनिस और माॅरिस अब केवल फैशन की तेजी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने तकनीक के साथ एक नई दिशा पकड़ी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के साथ फैशन का नवाचार।
2025 से इस ब्रांड ने अपने डिजाइन, फोटोग्राफी और प्रचार सामग्री में एआई का प्रयोग शुरू किया है। एआई द्वारा बनाए गए डिजिटल माॅडल्स, वर्चुअल फोटोशूट और प्राॅम्प्ट इंजीनियरिंग की सहायता से छवियां तैयार की जा रही हैं, जिनमें फोटोग्राफर अब लाइटिंग नहीं, बल्कि डेटा और एल्गोरिद्म की रचना कर रहे हैं।
हेनिस और माॅरिस के फोटोग्राफर जाॅनी कांगासनीयमी के अनुसार, ‘‘फोटोग्राफर अब शटर दबाने वाला नहीं रहा, वह कला निर्देशक बन गया है, जो डेटासेट तैयार करता है और मशीन की कल्पनाओं को सही करता है।’’
इस नई तकनीकी व्यवस्था में उपभोक्ताओं की जागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है। Getty Images (गेट्टी इमेजेज) जो विश्व की सबसे बड़ी फोटोग्राफिक सामग्री प्रदाता कम्पनी है, ने हाल ही में एक सर्वे में बताया कि ‘‘90 प्रतिशत उपभोक्ता चाहते हैं कि ब्रांड स्पष्ट रूप से बताएं कि कौन-सी छवि एआई से बनी है।’’
1995 में स्थापित, Getty Images न्यूयाॅर्क स्थित एक अग्रणी संस्था है जो समाचार, खेल, मनोरंजन, फैशन और व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए फोटो और वीडियो प्रदान करती है। यह मीडिया की दुनिया में प्रमाणिकता का मानदंड मानी जाती है। हेनिस और माॅरिस इस चेतना को गम्भीरता से लेते हुए, सभी डिजिटल छवियों पर टैग लगाते हैं और उन माॅडलों को राॅयल्टी और अधिकार देते हैं जिनकी छवियों का उपयोग एआई प्रशिक्षण में हुआ है। ख्याति प्राप्त फैशन माॅडल वैनेसा मूडी ने इस प्रणाली को ‘‘पेशेवर, पारदर्शी और सहयोगात्मक’’ बताया है।

हेनिस और माॅरिस के साथ काम करना मेरे जीवन का सबसे गहन, सबसे चुनौतीपूर्ण, लेकिन सबसे समृद्ध अनुभव रहा। कई बार थकान हावी हो जाती थी, कई बार उत्पादन की दौड़ में खुद को खो देने का डर होता था। लेकिन हर बार जब मेरा डिजाइन किसी यूरोपीय स्टोर की डिस्प्ले में होता था या जब कोई विदेशी ग्राहक हमारे बनाए परिधान की सराहना करता था तो वह एक साधना का परिणाम लगता था।
इस ब्रांड ने मुझे सिखाया कि फैशन केवल पहनावे का सौंदर्य नहीं है – यह एक सोच है, एक दायित्व है और एक तकनीकी युद्ध है जो हर दिन नई रणनीति मांगता है। आज जब मैं इस ब्रांड के एआई प्रयोगों, उसके वैश्विक विस्तार और उसकी स्थिरता योजनाओं को देखती हूं तो मुझे यह महसूस होता है कि मैंने केवल एक कम्पनी के साथ काम नहीं किया, मैंने एक दृष्टि के साथ यात्रा की और यही वह अनुभव है जिसे मैं अपने जीवन की सबसे बड़ी पूंजी मानती हूं।

