Country

बैंक के अंदर घुसने के लिए खोदी पांच फीट लंबी सुरंग, लेकिन नहीं तोड़ पाए तिजोरी

बैंक के अंदर घुसने के लिए खोदी पांच फीट लंबी सुरंग, लेकिन नहीं तोड़ पाए तिजोरी

लॉकडाउन के दौरान छत्तीसगढ़ में आपराधिक घटनाएं बढ़ गई हैं। रविवार रात को कांकेर के मुड़पार के सहकारी बैंक में बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। बदमाशों ने बैंक के अंदर घुसने के लिए पांच फीट लंबी सुरंग खोदी। ये लोग उस जगह तक भी पहुंच गए, जहां तिजोरी रखी थी, लेकिन उसे तोड़ नहीं पाए।

जब कर्मचारी सोमवार सुबह बैंक पहुंचे तो कैशियर के कमरे की टाइल्स टूटी मिली। इसकी जानकारी मैनेजर को दी गई। दुधावा पुलिस के मुताबिक, चोर सुरंग बनाकर कैशियर के चैंबर तक पहुंच गए थे। यहीं तिजोरी रखी थी। चोरों ने इसे तोड़ने कोशिश की। हैंडल तोड़ लिया, लेकिन तिजोरी तोड़ने में कामयाब नहीं हो सके। तीन दिन पहले ही बैंक में 20 लाख रुपए आए थे। इनमें से करीब 17 लाख रुपए तिजोरी में रखे थे। बैंक ने बताया कि इसमें 17 लाख रुपए थे।

पुलिस का कहना है कि चोरी के लिए जो तरीका अपनाया गया उससे साफ है कि चोर पहले भी बैंक में आ चुके थे। वे बैंक भवन के चप्पे चप्पे और वहां के कर्मचारियों से अच्छी तरह वाकिफ होंगे। चोरों को पता था दीवार के नीचे किस जगह पर सुरंग बनाने से बैंक के किस हिस्से में निकलेंगे। यह भी पता था कि बैंक का चपरासी रविवार को छुट्‌टी पर होने के चलते शनिवार की शाम को घर चला जाता है।

चोरों ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे को कपड़े से ढंक दिया था। साथ ही अपना चेहरा छिपाकर कमरे के अंदर घुसे। पुलिस ने स्निफर डॉग को बुलवाया जो मुड़पार से सरोना की ओर 200 मीटर जाकर रुक गया। मौके से एक टार्च भी बरामद हुई है।

You may also like