sport

रैना के बाद अब मलिंगा ने भी किया IPL 2020 से किनारा

 कोरोना काल के बीच आईपीएल 2020 के शुरू होने में अब महज दो हफ्तों का समय बाकी  है। ऐसे में आईपीएल  2020 से खिलाड़ियों के बाहर होने का सिलसिला जारी है। चेन्नई सुपरकिंग्स से सुरेश रैना के IPL 2020 से बाहर होने के बाद अब मुंबई इंडियंस के दिग्गज गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने  भी इस टूर्नामेंट से बाहर होने का निर्णय लिया है। लसिथ मलिंगा ने निजी कारणों की वजह से आईपीएल से बाहर होने की बात कही है।

लसिथ मलिंगा ने मुंबई इंडियंस को बताया कि वो निजी कारणों के चलते अपने परिवार के साथ श्रीलंका में ही रहना चाहते हैं। जिसके बाद  मुंबई इंडियंस ने मलिंगा के आईपीएल 2020 में ना खेलने का ऐलान किया है।

मलिंगा के ना आने से मुंबई इंडियंस को झटका तो लगा है, लेकिन फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलिया के टैलेंटेड तेज गेंदबाज जेम्स पैटिंसन को टीम में मौका दिया है। मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी ने कहा, ‘जेम्स पैटिंसन हमारे लिए सही खिलाड़ी रहेंगे। वो हमारी तेज गेंदबाजी को और मजबूत करेंगे।लसिथ मलिंगा मुंबई इंडियंस की ताकत हैं इसमें कोई दो राय नहीं है कि लसिथ मलिंगा की कमी मुंबई इंडियंस को खलेगी।हम उनकी बात समझते हैं कि उनका इस मौके पर अपने परिवार के साथ रहना जरूरी है।

बता दें लसिथ मलिंगा का आईपीएल में दमदार प्रदर्शन रहा है।  मलिंगा आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।  श्रीलंका के इस दिग्गज तेज गेंदबाज ने वर्ष  2009 में आईपीएल डेब्यू किया था।  आईपीएल में उन्होंने 122 मैचों में 170 विकेट अपने नाम दर्ज किए हैं।  उनका इकॉनमी रेट 7.14 है। वर्ष 2019 में मलिंगा ने  में आखिरी ओवर में मुंबई इंडियंस को एक रन से खिताबी  जीत दिलाई थी।

तब चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ फाइनल में मुंबई इंडियंस को 9 रन बचाने थे और मलिंगा ने 6 गेंदों में महज 7 रन ही दिए थे।  मलिंगा के उस ओवर की वजह से ही मुंबई चौथी बार आईपीएल चैंपियन बनी थी।

जेम्स पैटिंसन की बात करें तो वो बेहद ही तेज गेंदबाजी करते हैं। दाएं हाथ का ये तेज गेंदबाज कई बार भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर चुका है, जिसमें विराट कोहली भी शामिल हैं। पैटिंसन ने अपने  करियर में महज 39 टी20 मैच ही खेले हैं।  जिसमें उन्होंने 47 विकेट झटके हैं।  उनका इकॉनमी रेट 8.25 है।

You may also like