हरियाणा की बरोदा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजों के लिए मतगणना जारी है। मतगणना के 15वें राउंड में कांग्रेस के इंदुराज बढ़त बनाए हुए है। सुरक्षा का ध्यान रखते हुए मतगणना केंद्र के 500 मीटर के दायरे में धारा 144 लगा दी गई है। बरोदा सीट जाट बहुल सीट है। जहां पर कांग्रेस और इनेलो का काफी दबदबा रहा है। कांग्रेस,बीजेपी और इनेलो के लिए यह सीट काफी महत्वपूर्ण है। जजपा और बीजेपी के गठबंधन ने इस सीट पर अंतराष्ट्रीय पहलवान योगेश्वर दत्त को मैदान में उतारा है, तो कांग्रेस ने इंदुराज को और इनेलो ने जोगेंद्र मलिक को टिकट दिया था। बरोदा सीट पर 14 प्रत्याशी मैदान में है।
अगर बीजेपी बरोदा चुनाव हारती है तो उसके पीछे सबसे बड़ा कारण होगा कृषि बिल। कृषि बिलों के कारण हरियाणा के किसान केंद्र की से काफी ज्यादा नाराज चल रहे है। अगर कांग्रेस जीतती है तो पार्टी में हरियाणा के दिग्गज नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कद बढ़ेगा। बरोदा हलका पहले इनेलो का गढ़ था, लेकिन 2009 से इस पर कांग्रेस का राज है। लेकिन बरोदा को पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा का गढ़ माना जाता है। ऐसे में अगर कांग्रेस प्रत्याशी जीतते हैं तो हुड्डा का रुतबा बढ़ेगा।
हालांकि बरोदा सीट पर पहले कांग्रेस कृष्ण हुड्डा विधायक थे। लेकिन 12 अप्रैल 2020 को कांग्रेस विधायक का निधन हो गया था। कृष्ण हुड्डा तीसरी बार बरोदा सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे।

