दुनियाभर में ऐसे कई लोग हैं जो मटन खाते हैं। अलग-अलग देशों में जानवरों का मांस खाने का अपना-अपना तरीका होता है। कई लोगों को चिकन खाना पसंद होता है तो कई लोगों को मटन खाना पसंद होता है। लेकिन बहुत ही कम देशों में बिल्ली का मांस खाया जाता है। बीबीसी की खबर के मुताबिक, चीन में मटन और पोर्क के नाम पर बिल्ली का मांस बेचने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
बिल्लियों के साथ इतनी भयानक घटना हो रही है, इसका खुलासा होने के बाद पूरी दुनिया में हंगामा मच गया है। यह मामला चीन के झांगजीगांग (झांगजियागांग) शहर का है। पुलिस ने हजार से ज्यादा बिल्लियों को बचाया है। इन बिल्लियों को मारने के लिए बूचड़खाने ले जाया गया था।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बिल्ली का मांस सस्ते में बेचा जा रहा है। आधा किलो मांस की कीमत 300 से 350 रुपये बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बिल्लियों को कटने से बचा लिया गया है। बचाई गई बिल्लियों को आश्रय गृह में रखा गया है। चीन के कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसका विरोध किया जा रहा है।
झांगजीगांग में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने देखा कि इलाके से बिल्लियाँ गायब हो रही थीं। इन बिल्लियों को लकड़ी के बक्सों में बंद करके कहीं ले जाया गया। हालांकि, जैसे ही पुलिस को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत कार्रवाई की और बिल्लियों की जान बचाने में कामयाब रहे।