sport

चेन्नई सुपर किंग को एक और झटका 

कोरोना काल के बीच आईपीएल 2020 के शुरू होने में अब महज दो हफ्तों का समय बाकी  है। ऐसे में आईपीएल  2020 से खिलाड़ियों के बाहर होने का सिलसिला जारी है। 

इस बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2020 ) की फ्रेंचाइजी टीम चेन्नई सुपर किंग्स  को एक के बाद एक बड़ा झटका लगा है। पहले सुरेश रैना ने टीम को बड़ा झटका दिया तो अब  टीम के एक और सीनियर खिलाड़ी ने निजी कारणों से आईपीएल के 13वें सीजन से नाम वापस लेने का बड़ा फैसला लिया है। 

टीम के सीनियर स्पिनर हरभजन सिंह ने निजी कारणों से टूर्नामेंट से हटने का फैसला लिया है। भज्जी ने खुद कहा कि वो निजी कारणों के चलते टूर्नामेंट में इस सीजन में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।

40 वर्षीय भज्जी ने आज 4 सितंबर  को कहा, ‘मैं इस बारे में सीएसके मैनेजमेंट को बता चुका हूं कि मैं आईपीएल में इस साल नहीं खेल सकूंगा। निजी कारणों से मैंने इस साल ब्रेक लेने का फैसला लिया है। मुझे उम्मीद है कि लोग मेरे फैसले का सम्मान करेंगे।’ आईपीएल इतिहास में सबसे सफल गेंदबाजों में भज्जी का नाम शामिल  है। उन्होंने अब तक  आईपीएल में 150 विकेट अपने नाम दर्ज किए हैं।

इससे पहले भज्जी टीम के साथ संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के लिए रवाना नहीं हुए थे, ऐसा कहा जा रहा था कि वो बाद में टीम से जुड़ेंगे। वहीं सुरेश रैना टीम के साथ दुबई पहुंचे थे, लेकिन दो खिलाड़ी समेत 13 सीएसके सदस्यों के कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद रैना ने निजी कारणों का हवाला देते हुए आईपीएल 2020 से हटने का फैसला लिया और दुबई से भारत वापस लौट आए । 

You may also like