देश में कोरोना वायरस का कहर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में राष्ट्रपति भवन में भी कोरोना वायरस का एक मामला सामने आया है। जिसके बाद पूरे राष्ट्रपति भवन परिसर में हड़कंप मच गया है। इस बात की जानकारी समाचार एजेंसी एएनआइ ने सूत्रों के हवाले से दी है। जिसके बाद स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, 125 परिवारों को एहतियात के तौर पर अनिवार्य रूप से सेल्फ आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, प्रेसिडेंट एस्टेट में अपने परिवार के साथ रहने वाली एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। कोरोना पॉजिटिव महिला को उपचार के लिए आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं महिला के पति और परिवार के सदस्यों के साथ लगभग 125 परिवारों को होम क्वारेंटाइन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें 25 परिवार उसी ब्लॉक के हैं, जहां यह परिवार रहता है। 25 परिवारों को घर से निकलने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
One COVID-19 positive case found in Rashtrapati Bhavan, 125 families advised to remain in self-isolation as mandated by the Health Ministry’s guidelines as a precautionary measure: Sources
— ANI (@ANI) April 21, 2020
इन 25 परिवारों का खाना राष्ट्रपति भवन की तरफ से आ रहा है। हालांकि, बाकी परिवारों को ग्रोसरी स्टोर जाने की अनुमति है, लेकिन सभी को आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। सफाईकर्मी के परिवार के संपर्क में आए पहले परिवार का भी कोरोना टेस्ट किया गया था, जो कि निगेटिव आया है। फिलहाल, स्वास्थ्य विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
बताया जा रहा है कि महिला के पति राष्ट्रपति भवन में काम के दौरान बाकी काम करने वाले 100 से ज्यादा सफाईकर्मी, माली और देखरेख करने वाले अन्य लोग के संपर्क में आए थे। राष्ट्रपति भवन में इस तरह के मामले आने के बाद राष्ट्रपति भवन की सतर्कता बढ़ा दी गई है। महिला की सास की मौत कोरोना के कारण हुई थी
सूत्रों के मुताबिक, प्रेसिडेंट एस्टेट में रहने वाली जिस महिला को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, उसकी सास कोरोना पॉजिटिव थीं। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। महिला की सास बाड़ा हिंदूराव इलाके में रहती थी। महिला का पूरा परिवार अन्तिम संस्कार में शामिल हुआ था। हालांकि, शामिल हुए पूरे परिवार को 14 दिनों के लिए आइसोलेशन में रखा गया था। टेस्ट भी किया गया था। उस वक़्त सभी के टेस्ट नेगेटिव थे। लेकिन कुछ दिन बाद महिला की तबीयत खराब होने लगी। महिला में कोरोना के लक्षण दिखने लगे। महिला का टेस्ट कराया गया। रविवार को जब महिला की रिपोर्ट आई तो वह कोरोना पॉजिटिव पाई गई।