Country

असम के सिलचर में दो धार्मिक गुटों के बीच झड़प के बाद लगा कर्फ्यू 

दक्षिणी असम के सिलचर में सोमवार यानी 3 अगस्त को दो धार्मिक गुटों के बीच पथराव हुआ जिसके बाद शहर के कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। इस बात की पुष्टि सिलचर जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने की। उन्होंने कहा कि कछार जिला मजिस्ट्रेट कीर्थि जल्ली ने शांतिभंग की आशंका में सिलचर शहर के मालुग्राम पुलिस चौकी के तहत कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगाया है। जिससे लोगों की आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जा सके।
जिला प्रशासन की तरफ से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि दोनों समूहों ने रविवार शाम को सिलचर शहर के गोनिवाला क्षेत्र के कुछ इलाकों में एक दूसरे पर पथराव किया था। जिसके बाद असम पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। विज्ञप्ति में कहा गया है कि यहां ऐसे तनाव को देखते हुए शांति भंग होने की पूरी आशंका है। इसलिए, जिला प्रशासन ने मालुग्राम पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया है। तत्काल प्रभाव से लागू होने वाला यह आदेश अगले नोटिस तक लागू रहेगा।
बता दें सैन्य और अर्ध सैन्य बलों, ड्यूटी के दौरान मजिस्ट्रेट, डॉक्टरों और पैरा-मेडिक्स सहित स्वास्थ्य पदाधिकारियों को कर्फ्यू में बाहर निकलने की छूट दी गई है। इस मामले में एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि सिलचर शहर में दोनों समूह किसी विवाद पर शनिवार 1 अगस्त को आमने-सामने आ गए थे, जिसके बाद मामले ने अगले दिन गंभीर रूप ले लिया। इसके बाद 3 अगस्त को एक बार फिर तनाव की स्थिति पैदा होने पर प्रशासन को तत्काल कर्फ्यू लगाना पड़ा। वहां भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है। अधिकारी ने यह भी कहा कि घटना की पूरी जांच की जा रही है।

You may also like