इटली के राष्ट्रपति के साथ मुलाकात के बाद अब इटली के अर्थशास्त्री मारियो ड्रेगी का देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभालना आधिकारिक तौर पर सुनिश्चित हो गया और उन्हें शनिवार, 13 फरवरी को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार, 12 फरवरी को मारियो ड्रेगी ने राष्ट्रपति से मुलाकात की और राष्ट्रपति को मंत्रिमंडल की सूची दी, जिसे बाद में स्वीकार कर लिया गया।
मारियो ड्रेगी यूरोपीय सेंट्रल बैंक के पूर्व प्रमुख रह चुके हैं। उनका रुतबा तब और अधिक बढ़ गया था जब संसद के सबसे बड़े समूह फाइव स्टार मूवमेंट का उन्हें समर्थन मिला और सभी राजनीतिक दल उनके समर्थन में एकजुट हुए।
गौरतलब है कि अगले हफ्ते सरकार को विश्वास मत का सामना करना है, जो केवल एक औपचारिकता है। अभी भी इटली कोरोना के कहर से ग्रस्त है और साथ ही दशकों से अपने सबसे खराब आर्थिक संकट से भी दो-दो हाथ कर रहा है।
पिछली सरकार के गिरने से देश अब यूरोपीय संघ के कोरोना रिकवरी फंडों को खर्च करने के लिए भी असमंजस है। देश में कोरोना संक्रमण से 93 हजार से अधिक लोग काल के गाल में समा चुके हैं। इटली विश्व में छठे स्थान पर है, जहां कोरोना महामारी के संक्रमण से सबसे अधिक मौत हो चुकी हैं।

