उरई। उत्तर प्रदेश के उरई में 36 बच्चों के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार नशीला पदार्थ पिलाकर रिटायर्ड लेखपाल बार-बार इनसे शोषण करता रहा। दो बच्चों ने उनके खिलाफ कोंच थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। राम बिहारी राठौर नाम का ये शख्स रिटायर्ड लेखपाल है और कोंच थाना क्षेत्र के अंतर्गत भगत सिंह नगर में रहता है।
राम बिहारी के खिलाफ इलाके ही दो बच्चों ने कोंच थाने में मामला दर्ज कराया है। पीड़ित बच्चों ने पुलिस को बताया कि रिटायर्ड लेखपाल राम बिहारी ने उनको काम के बहाने अपने घर बहला-फुसलाकर बुलाया और कोल्ड ड्रिंक के साथ नशीला पदार्थ पिलाकर उनको अश्लील फिल्में दिखाया करता था। अश्लील फिल्म दिखाने के बाद आरोपी लेखपाल ने उनका यौन शोषण किया। इन बच्चों के अनुसार, उसने कई बार उनके साथ हैवानियत की। 13 जनवरी की सुबह रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो राम बिहारी लैपटाॅप और मोबाइल में 320 अश्लील वीडियो मिले, इसमें कई वीडियो कोंच के बच्चों के साथ ही बनाए गए हैं।
पुलिस की अब तक की छानबीन में सामने आया कि उसने 36 बच्चों के साथ इसी तरह यौन शोषण किया है। राम बिहारी राठौर की शिकार दो-तीन गरीब महिलाएं भी हुई हैं। जिनको राशन कार्ड और उनकी सहायता के बदले घर बुलाकर नशीला पदार्थ खिलाकर रेप किया गया। इंस्पेक्टर कोंच थाना इमराम खान ने मीडिया को कहा कि जांच चल रही है। अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है कि 50 बच्चों के साथ हैवानियत करने वाले बांदा के जेई की तरह इसने अश्लील वीडियो बना ऑनलइन व्यापार किया है या नहीं। उरई पुलिस इनको गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।

