संतोष सिंह

जनपद चमोली की प्रसिद्ध ऊर्गमघाटी में विश्व पर्यावरण दिवस पांच जून को 26वां गौरा देवी पर्यावरण प्रकृति पर्यटन विकास मेला भव्य रूप में मनाया गया। इस वर्ष मेले में विभिन्न क्षेत्रों पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, साहित्य, सामाजिक व कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को गौरा देवी सम्मान से सम्मानित किया गया। जनदेश सामाजिक संगठन के सचिव लक्ष्मण सिंह नेगी ने बताया कि इस वर्ष का गौरा देवी पर्यावरण सम्मान ‘बीज बचाओ’ आंदोलन के प्रेणता विजय जडधारी को मिला है। वहीं डॉ नंदकिशोर हटवाल को साहित्य एवं कला के क्षेत्र में, हरेंद्र चौधरी को पर्यावरण व समाज सेवा, अतुल शाह को सामाजिक कार्यों एवं समाज सेवा, डॉ योगेश धस्माना को इतिहास साहित्य एवं समाज सेवा, चित्रा पंत को शिक्षा, मनमीत रावत और राहुल कोटियाल (बारामासा) को पत्रकारिता, डॉ आरके मैखुरी को पर्यावरण शोध कार्य, यशपाल सिंह नेगी को पक्षी विशेषज्ञ/स्वरोजगार एवं प्रकृति संरक्षण सहित विभिन्न लोगों को गौरा देवी सम्मान से सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि सीमांत जनपद (बंड पट्टी) के सामाजिक सरोकारों से जुड़े और विकास की दूरगामी सोच रखने वाले युवा, बंड विकास संगठन के पूर्व अध्यक्ष अतुल शाह विकासपरक सोच वाले व्यक्ति हैं। सामाजिक सरोकारों से जुड़ा कोई भी कार्य हो या लोगों की समस्याओं के निराकरण की बात अतुल शाह हमेशा आगे रहते हैं। नैनीताल डीबीएस के छात्र रह चुके अतुल शाह जिन्हें लोग ‘हैप्पी दा’ के नाम से जानते हैं, लोगों के लिए एक मिशाल हैं कि कैसे निःस्वार्थ भाव से भी समाज की सेवा की जा सकती है। पीपलकोटी (बंड क्षेत्र) में नवोदय विद्यालय, सेमलडाला खेल मैदान, बंड विकास पर्यटन मेला, स्वामी विवेकानंद अस्पताल, गडोरा इंटर कॉलेज को अटल आदर्श विद्यालय, पीपलकोटी (बंड क्षेत्र) में पशु चिकित्सालय की स्वीकृति आदि में उनकी अहम भूमिका रही है। उनके बारे में कहा जाता है कि वे हमेशा से ही विकासवादी सोच के समर्थक और सांस्कृतिक विरासत के संवाहक रहे हैं। बंड क्षेत्र में आयोजित होने वाले मेले, रामलीला, पांडवलीला, बगड़वाल नृत्य सहित विभिन्न सामाजिक सरोकार के आयोजनों में उनकी उपस्थिति सदैव बनी रहती है।

1999 का भूकम्प हो या 2006, 2013 की आपदा, कोरोना काल, रैणी आपदा तथा स्थानीय लोगों के साथ-साथ बदरीनाथ, हेमकुण्ड आने वाले तीर्थयात्रियों की हरसंभव सहायता करना उनकी पहचान बन गई है। इसके अलावा क्षेत्र में खेल-कूद की गतिविधियों से लेकर जन जागरूकता अभियानों में भी वे हमेशा से ही बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। अतुल शाह ने विगत 20 सालों से पीपलकोटी में पर्यटन को रोजगार से जोड़ने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया है। जिसके फलस्वरूप आज पीपलकोटी के युवा होटल, लॉज, होमस्टे के जरिए रोजगार सृजन कर रहें हैं। अतुल शाह राम मंदिर निर्माण के जनपद अभियान प्रमुख का दायित्व भी बखूबी से निर्वहन कर चुके हैं। वहीं उत्तराखण्ड पृथक राज्य की मांग को लेकर भी बढ़-चढ़कर भाग ले चुके हैं। फिलहाल अतुल शाह को गौरा देवी सम्मान मिलने पर बंड क्षेत्र में खुशी की लहर है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD