आज से यानी एक जून 2020 से भारत में कई बड़े बदलाव हुए हैं। इन बदलावों का असर सीधे आपकी जिंदगी पर पड़ने वाला है। जो नियम बनाए गए हैं उससे कहीं-कहीं आपको राहत मिलेगी तो कइयों में आर्थिक नुकसान भी हो सकता है। जिनमें बदलाव किए गए हैं वो है एयरलाइंस, रेलवे, पेट्रोल-डीजल, केरोसिन, राशनकार्ड, गैस सिलेंडर आदि शामिल हैं। आइए जानते हैं इन महत्वपूर्ण बदलावों के बारे में ताकि आपको किसी तरह का नुकसान न उठाना पड़ें।
एक देश, एक राशन कार्ड
‘एक देश, एक राशन कार्ड’ पूरे देश में गरीबों तक राहत पहुंचाने के लिए आज से लागू हुआ। इसकी शुरुआत 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से होगी। इस राशन कार्ड का लाभ देश के किसी भी कोने में उठाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि मोदी सरकार की इस योजना से 67 करोड़ लोगों को फायदा मिलेगा।
क्या था पहले का नियम
इससे पहले जिस जिले का राशन कार्ड बना होता था, उसी जिले में राशन मिलता था। जिला बदलने पर इसका फायदा नहीं मिलता। राशनकार्ड होने पर गरीबों को आसानी से सस्ती कीमत पर अनाज मिलता है। ‘एक देश, एक राशन कार्ड’ लागू होने के बाद गरीबी रेखा के नीचे वाले लोग किफायती कीमत पर देश के किसी कोने में राशन खरीद सकते हैं।
चावल-गेंहू धारकों को इतने में मिलेगा?
राशन कार्ड धारकों को पांच किलो चावल तीन रुपये किलो की दर से और गेहूं दो रुपये किलो की दर से मिलेगा। कार्ड दो भाषाओं में- स्थानीय भाषा और हिन्दी अथवा अंग्रेजी में जारी होगा।
आधार नम्बर से करना होगा लिंक
राशन कार्ड को आधार से लिंक करना होगा। लिंक करने की आखिरी तारीख 30 सितंबर है। इस संदर्भ में केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने कहा है कि अभी आधार से जुड़े नहीं होने के बावजूद राशन कार्डधारकों को राशन मिलता रहेगा। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी लाभार्थी को उसके हिस्से का राशन देने से मना नहीं किया जाएं।
2 गैस सिलेंडर
आज आम आदमी को बड़ा झटका लगा है। देश की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। आज से 19 किलोग्राम और 14.2 किलोग्राम वाले गैर-सब्सिडी एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। तेल कंपनियां हर महीने की शुरुआत में एलपीजी सिलेंडर के दामों का मूल्यांकन करती है। हर राज्य में टैक्स अलग-अलग होता है और इसके हिसाब से एलपीजी के दामों में अंतर होता है।
गैर-सब्सिडी वाला सिलेंडर के कीमत में इतनी बढ़ोतरी
आईओसीएल की वेबसाइट से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला गैर-सब्सिडी एलपीजी सिलेंडर 11.50 रुपये महंगा हो गया है। इसके बाद इसकी कीमत 593 रुपये हो गई है, जो पहले 581.50 रुपये थी। कोलकाता में इसका दाम 584.50 रुपये से बढ़कर 616 रुपये हो गया है, मुंबई में यह 579 रुपये से बढ़कर 590.50 रुपये हो गया है। वहीं चेन्नई में यह पहले 569.50 रुपये का था, जो आज से 606.50 रुपये का हो गया है।
19 किलोग्राम वाला सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी
दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला सिलेंडर 110 रुपये महंगा हो गया है। इसके बाद इसकी कीमत 1139.50 रुपये हो गई है, जो पहले 1029.50 रुपये थी। कोलकाता में इसका दाम 1086 रुपये से बढ़कर 1139.50 रुपये हो गया है, मुंबई में यह 978 रुपये से बढ़कर 1087.50 रुपये हो गया है। वहीं चेन्नई में यह पहले 1144.50 रुपये का था, जो आज से 1254 रुपये का हो गया है।
केरोसीन फ्री सिटी
तेल कंपनियों ने केरोसीन की कीमतों में कटौती की है। मालूम हो कि दिल्ली केरोसीन फ्री सिटी घोषित है। इसलिए दिल्ली में केरोसीन की कीमतें जारी नहीं होती। कोलकाता में आज से एक लीटर केरोसीन की कीमत 12.12 रुपये घटकर 15.73 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जो पहले 27.85 रुपये प्रति लीटर थी। इसी तरह मुंबई में एक लीटर केरोसीन का भाव 13.96 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 13.60 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
ट्रेनों का परिचालन
भारतीय रेलवे आज से 200 अतिरिक्त ट्रेनें चलाने जा रही है, जो नॉन एसी होंगी। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट करके इस बात की पुष्टि भी की थी। इन ट्रेनों के साथ पहले से संचालित हो रही 30 ट्रेनों का परिचालन भी जारी रहेगा।
गौरतलब है कि रेलवे ने इन ट्रेनों के लिए चार महीने पहले एडवांस टिकट की बुकिंग की सुविधा भी दी है। साथ ही तत्काल कोटा के तहत भी टिकट की बुकिंग शुरू हो गई है। यह सुविधा रविवार सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है थी। हालांकि, रेलवे ने टिकट की एडवांस बुकिंग के नियमों में कुछ परिवर्तन किया है।
वहीं लॉकडाउन में 30 दिन पहले ही टिकट आरक्षण की सुविधा थी। लेकिन अब इसमें बढ़ोतरी कर 120 दिन कर दिया गया है। रविवार से सिर्फ एक महीने पहले ही एडवांस बुकिंग वाले नियम में बदलाव हो जाएगा। इसमेंकरंट सीट बुकिंग भी शुरू की जा रही है। यानी अगर सीट खाली है तो वो सीट दूसरे यात्रियों को उपलब्ध करवा दी जाएगी। साथ ही बीच के स्टेशनों से भी टिकट बुक करने की सर्विस 31 मई की सुबह टिकट काउंटर व ऑनलाइन सर्विस के तहत होने लगेगी।
विमान ईंधन एविएशन टर्बाइन फ्यूल
आज से विमान ईंधन एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में एटीएफ का दाम 11030.62 रुपये प्रति किलोलीटर बढ़कर 33,575.37 रुपये प्रति किलोलीटर हो गया है। वहीं कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में इसकी कीमत क्रमश: 38,543.37, 33,070.56 और 34,569.30 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। बता दें कि एटीएफ का हवाई जहाज में ईंधन के तौर पर इस्तेमाल होता है।
पेट्रोल-डीजल का दाम बढ़ा
कई राज्यों ने पिछले दिनों वैट बढ़ाकर फ्यूल महंगा कर दिया। अब मिजोरम सरकार ने एक जून से राज्य में पेट्रोल पर 2.5 फीसदी और डीजल पर 5 फीसदी की दर से वैट बढ़ाए जाने का एलान किया है। जिससे पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इस राज्य में बढ़ोतरी हो गई।
इसके अतिरिक्त जम्मू-कश्मीर ने भी कीमत में बढ़ोतरी का एलान किया है। जम्मू-कश्मीर में एक जून से पेट्रोल की कीमत में दो रुपये और डीजल की कीमत में एक रुपये की वृद्धि की गई है।
वहीं महाराष्ट्र की बात करें तो यहां पेट्रोल और डीजल की कीमत में दो रुपये का इजाफा हुआ है। मुंबई में आज पेट्रोल की कीमत 78.31 रुपये हो गई है। वहीं, डीजल का भाव 65.62 रुपये से बढ़कर 68.21 रुपये हो गया है। राज्य सरकार ने शनिवार को पेट्रोल पर सेस 8.12 रुपये से 10.12 रुपये प्रति लीटर कर दिया था।
घरेलू उड़ानें शुरू करेगी गो एयर
एक जून से किफायती विमानन सेवाएं देने वाली कंपनी गो एयर घरेलू परिचालन शुरू करेगी। हालांकि अन्य कंपनियां 25 मई से इसकी शुरुआत कर चुकी हैं। लेकिन परिचालन और नियामक से जुड़ी कुछ दिक्कतों के कारण गो एयर को देरी हुई थी। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्विटर पर कहा था कि सभी हितधारकों के लिए व्यापक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत 25 मई से विमानन कंपनियों को घरेलू परिचालन की अनुमति दी गई है।

