महाराष्ट्र में बहुमत के मैजिकल फिगर (145) से ज्यादा सीट्स के मिलने के बावजूद भी बीजेपी और शिवसेना सरकार का गठन करने में असफल होते नजर आ रहे हैं। नतीजे आने के 10 दिनों बाद भी बीजेपी-शिवसेना के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी गतिरोध के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज गृहमंत्री और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की। फडणवीस ने अमित शाह से बिन मौसम बरसात से परेशान किसानों के लिए मदद की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरी तरह से मदद का आश्वासन दिया है। वहीं महाराष्ट्र के गतिरोध को लेकर देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कौन क्या बोलता है, इस पर कुछ नहीं कहूंगा।
अमित शाह से मुलाकात के बाद देवेंद्र फडणवीस ने कहा- “सत्ता के समीकरण में कौन क्या कह रहा है इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। कौन क्या बोलता है, मैं इस पर कुछ नहीं कह सकता। कई लोग कह रहे हैं लेकिन बीजेपी इस पर कुछ नहीं कहेगी। महाराष्ट्र में जल्द सरकार बनेगी और हम पूरी तरह से आश्वस्त हैं।”
ऐसे में माना जा रहा हैं कि महाराष्ट्र में जारी गतिरोध को खत्म करने की कोशिशें तेज हो गई हैं। बीजेपी और शिवसेना के बीच मामले को सुलझाने के लिए बातचीत शुरू हो गई है। बीजेपी और शिवसेना के बीच पूरी लड़ाई सीएम पद को लेकर नहीं बल्कि मंत्री पदों की संख्या को लेकर फंसी हुई है।
माना यह भी जा रहा है की बीजेपी शिवसेना को 16 मंत्री पद देने पर राजी है जबकि शिवसेना 17 से कम मंत्री पद पर नहीं मान रही है। साथ ही शिवसेना को वित्त एवं राजस्व मंत्रालय भी दिया जा सकता है। एक थ्योरी ये भी निकल आ रही है कि शिवसेना देवेंद्र फडणवीस को सीएम नहीं बनने देना चाहती हैं बल्कि उनकी जगह पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी या किसी अन्य नेता को सीएम बनाना चाहती है।

