सिहांवलोकन-2023/देश

2023 को अलविदा कहने के साथ ही वर्ष 2024 नई उम्मीदों के साथ जीवन में दस्तक दे चुका है। गुजरे साल की शुरुआत कोरोना महामारी के खत्म होने की खुशखबरी से हुई, लेकिन इस महामारी से उत्पन्न बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई और प्रतिरोधक क्षमता के कम होने से उत्पन्न शारीरिक बीमारियों से जूझता रहा। भारत ने चंद्रयान-3 की सफलता से दुनियाभर में तारीफें बटोरी तो जी-20 देशों की सफल अध्यक्षता ने देश का गौरव बढ़ाने का काम किया। दूसरी तरफ बीते वर्ष में जातिवादी हिंसा और असहिष्णुता ने भारतीय लोकतंत्र पर प्रश्नचिह्न लगाने का भी काम किया। राजनीतिक गलियारों में भी काफी चहल-पहल रही, कई कानून नए बने तो कुछ कानूनों को लेकर असंतोष के स्वर भी उभरे

संकट में अडानी का साम्राज्य
साल 2023 के पहले ही महीने में 25 जनवरी को अडानी ग्रुप के संबंध में अमेरीकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद भूचाल आया जिसके बाद अडानी के शेयर 20 से 25 प्रतिशत तक गिरने के चलते अडानी साम्राज्य गहरे संकट में आ गया था।

गोधरा कांड दोषियों को मिली जमानत
वर्ष 2002 में गुजरात में हुए गोधरा कांड के दौरान साबरमती एक्सप्रेस के कोच में आग लगाकर 59 लोगों की हत्या करने वाले 8 दोषियों को सुप्रीम कोर्ट ने इस वर्ष जनवरी में जमानत दे दी। इन सभी लोगों को निचली अदालत और हाई कोर्ट से उम्रकैद की सजा मिली थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जेल में अच्छे आचरण के आधार पर जमानत दे दी। इस जमानत पर काफी विवाद भी हुआ।

बीबीसी डॉक्यूमेंट्री विवाद
इस वर्ष जनवरी में बीबीसी डॉक्यूमेंट्री ‘इंडियाः द मोदी क्वेश्चन’ को रिलीज किया गया। यह डॉक्यूमेंट्री ‘गुजरात दंगे’ पर आधारित थी। इस डॉक्यूमेंट्री में पीएम मोदी के कार्यकाल और व्यवस्था को दर्शाया गया था। जिसे प्रधानमंत्री के खिलाफ प्रोपेगेंडा और नैरेटिव बनाने का इल्जाम लगाते हुए बैन कर दिया गया। जिसके बाद यह मामला न केवल देश, बल्कि विदेशों में भी सुर्खियों में रहा।

सिसोदिया ने दिया इस्तीफा
दिल्ली के डिप्टी सीएम और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने 1 मार्च 2023 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। आप नेता सिसोदिया पर दिल्ली शराब नीति में भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। उन्हें 26 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था।

अतीक का अंत
24 फरवरी 2023 पूर्व बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के चश्मदीद गवाह उमेश पाल की गवाही के बाद एमपी एमएलए की कोर्ट ने अतीक को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। लेकिन चेहरे पर नकाब पहने कुछ गुंडों ने उनकी पुलिस और मीडिया के सामने गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद अतीक के बेटे असद सहित 4 गुर्गों को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया।

हार्ट अटैक के मामले
बीते वर्ष कोरोना महामारी का कहर खत्म होते ही लोगों में हृदय रोग की वैश्विक स्तर पर गंभीर स्वास्थ्य समस्या रही, लगभग सभी उम्र के लोगों में इसका असर देखा गया। वैश्विक हेल्थ रिपोर्ट्स पर नजर डालें तो पिछले दो-तीन दशकों में हृदय से संबंधित बीमारियों का खतरा बढ़ा है।

सर्वाधिक आबादी वाला देश बना भारत
यूनाइटेड नेशन पॉपुलेशन फंड की ‘द स्टेट ऑफ वर्ल्ड पॉपुलेशन रिपोर्ट 2023’ के अनुसार भारत बीते वर्ष 29 लाख की आबादी के अंतर से चीन को पछाड़ कर दुनिया में सर्वाधिक आबादी वाला देश बना।

मेट्रो क्षेत्र में क्रांति
वैश्वीकरण और विकास की राह में कई ऐसी चीजें देश में आईं जो तरक्की के लिहाज से काफी मायने रखती हैं। उन्हीं में से एक परिवहन क्षेत्र भी है जिस में बीते साल काफी तरक्की देखने को मिली।

मणिपुर हिंसा
इस वर्ष मणिपुर में कुछ ऐसा हुआ जिससे पूरी दुनिया सहम गई। यहां मैतई समाज की तीन महिलाओं को कुकी समाज के लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया, उन्हें नग्न करके सड़कों पर घुमाया गया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जिससे यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी गरमाया।

चंद्रयान-3 की सफलता
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने चांद पर पहुंचकर इतिहास रच दिया। चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला भारत दुनिया का पहला सफल देश बना।

नए संसद भवन का उद्घाटन
भारत की सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के हिस्से के रूप में, नई दिल्ली में एक नए संसद भवन का निर्माण किया गया। इसका उद्घाटन 28 मई 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया।

पत्रकारिता की साख पर दाग
पत्रकारिता एक हथियार है। इसका उपयोग भी हो सकता है और दुरुपयोग भी। मीडिया की साख पर सबसे बड़ा दाग विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ द्वारा कुछ पत्रकारों को सत्ता पक्ष का मुखपत्र बताकर उनका बहिष्कार कर दिया गया। हालांकि इंडिया गठबंधन ने बाद में इस पर टिप्पणी करते हुए कहा किसी एंकर का बहिष्कार नहीं किया गया है, बल्कि यह प्रतिबंध ‘असहयोग आंदोलन’ है।

संसद में अभद्र भाषा का प्रयोग
बीते वर्ष संसद में असंसदीय भाषा का कई बार प्रयोग किया गया। हालांकि ऐसे मामले हर वर्ष देखे गए हैं लेकिन इस साल हुए मामलों ने देश के अस्तित्व पर काफी प्रभाव डाला है। भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने संसद में दानिश अली के खिलाफ अभद्र शब्दों का प्रयोग किया जिसने इस प्रवृत्ति को विस्तार देने का काम कर दिखाया है।

कई राज्यों में एनआईए की रेड
दिल्ली-यूपी समेत देश के 6 राज्यों में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की छापेमारी देखने को मिली। यह छापेमारी पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के ठिकानों पर की गई। एनआईए द्वारा छापेमारी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, तमिलनाडु और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में की गई। इसके साथ ही अब्दुल वाहिद शेख के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई।

रेल हादसों के नाम रहा 2023
इस वर्ष 9 बड़े रेल हादसे हुए। लेकिन 11 अक्टूबर, 2023 की रात, बिहार के बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास, आनंद विहार टर्मिनल-कामाख्या जंक्शन नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए जिसमें सैकड़ों लोगों की मृत्यु हो गई। जो इस साल का सबसे बड़ा रेल हादसा था। इसी तरह आंध्र प्रदेश में भी काफी बड़ा रेल हादसा देखा गया।

मालदीव और भारत के बिगड़ते रिश्ते
भारत ने मालदीव को उपहार के रूप में एक डोर्नियर विमान और दो हेलीकॉप्टर दिए थे, इनके संचालन के लिए 75 भारतीय सैन्यकर्मी मालदीव में तैनात किए थे जिनको लेकर वहां के नए राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने भारतीय सैनिकों को हटाने की बात कही है।

कहानी इलेक्ट्रोल बॉन्ड की
देश में इलेक्टोरल बॉन्ड का मामला सुर्खियों में रहा। सर्वोच्च न्यायालय की पांच न्यायधीशों की एक संविधान पीठ ने इलेक्ट्रोल बॉन्ड की कानूनी वैधता से जुड़े मामले की सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया। कोर्ट ने राजनीतिक पार्टियों को मिली फंडिंग का डाटा नहीं रखने पर चुनाव आयोग से नाराजगी जताई और 30 सितंबर तक बॉन्ड के जरिए मिले फंड की जानकारी देने को कहा।

कतर में पूर्व भारतीय नौसैनिकों को फांसी की सजा
साल 2023 में कतर में 8 पूर्व भारतीय नौसैनिकों को मौत की सजा सुनाई गई थी। इन सभी पर जासूसी का आरोप लगाया गया और इसके बाद इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर हैरानी जताते हुए विकल्प तलाश कर कतर की अदालत में अर्जी दाखिल की, जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए मामले की सुनवाई शुरू कर दी है।

कानून में संशोधन
बीते वर्ष देश की दोनों सदनों में कई कानून लाए गए, संशोधन किए गए और कानून बने। कुछ कानून को लेकर विपक्ष नाराज दिखा तो कुछ पर सहमति दी। शीतकालीन सत्र में संसद की दोनों सदनों से तीन संशोधित आपराधिक कानून विधेयक पारित किए। भारतीय न्याय (द्वितीय) संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा (द्वितीय) संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य (द्वितीय) विधेयक 2023 हैं। भारतीय न्याय (द्वितीय) संहिता 2023 भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) 1860 का स्थान लेगी, जबकि भारतीय नागरिक सुरक्षा (द्वितीय) संहिता 2023 आपराधिक प्रक्रिया संहिता 1973 (सीआरपीसी) की जगह लेगी। भारतीय साक्ष्य (द्वितीय) विधेयक 2023 भारतीय साक्ष्य अधिनियम 1872 का स्थान लेगा।

जन-जन में मोदी, कांग्रेस फिर से हाशिए पर
तीन दिसंबर को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजों ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता पर मोहर लगाने का काम किया। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा को प्रचंड जनादेश मिला। कांग्रेस तेलंगाना में सरकार बनाने में सफल हो पाई। इस जीत ने जहां एक तरफ 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की हैट्रिक का रास्ता सरल करने का इशारा किया तो दूसरी तरफ विपक्षी ‘इडिया गठबंधन’ के औचित्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

370 की वैधता पर उच्चतम न्यायालय की मुहर
वर्ष 2023 जाते-जाते केंद्र सरकार को बड़ी कानूनी राहत दे गया। 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाए जाने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बदलने का मोदी सरकार का फैसला उच्चतम न्यायालय ने जायज मानते हुए 11 दिसंबर को एकमत से यह निर्णय दिया कि अनुच्छेद 370 को हटाया जाना और दो केंद्र शासित प्रदेशों का गठन करना पूरी तरह वैधानिक है। हालांकि न्यायालय ने केंद्र सरकार को यह निर्देश भी दिए कि वह सितंबर 2024 तक जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल कर वहां चुनाव कराए।

इतिहास में दर्ज हुआ सांसदों का निलंबन
संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान 13 दिसंबर को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान सुरक्षा में चूक की गंभीर घटना घटी थी। इस घटना के बाद से ही विपक्षी सांसद केंद्र सरकार के खिलाफ लामबंद हो गए। इसी मांग को लेकर विपक्षी सांसदों ने दोनों सदनों में जमकर हंगामा किया वहीं लोकसभा और राज्यसभा में भारी नारेबाजी और नियमों में उल्लंघन के बाद ‘कार्यवाही में व्यवधान’ डालने के आरोप में 146 विपक्षी सांसदों को शीतकालीन सत्र से निलंबित कर दिया। जो आज तक के इतिहास में पहली बार है जब इतनी बड़ी तादात में एक ही सत्र में इतने सांसद निलंबित किए गए।

संसद की सुरक्षा में चूक
13 दिसंबर 2023, को संसद में दो लोग सदन में घुस आए। उन्होंने संसद में नारेबाजी के साथ स्मोक बम का इस्तेमाल किया जिसके कारण सदन में पीले रंग का धुआं फैल गया। उसी वक्त इनके दो साथियों ने भी बाहर स्मोक कैंडल जलाए और नारेबाजी की। जिसके बाद इन सभी आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ से खफा सरकार!
देश की वर्तमान सरकार पर लगातार आरोप लगता रहता है कि वह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर लगाम कसने का प्रयास करती रहती है। विपक्षी दलों का मानना है कि केंद्र सरकार औद्योगिक घरानों की मदद से स्वतंत्रता की अभिव्यक्ति पर नकेल डालने में जुटी हुई है। इसका ताजा उदाहरण तब देखने को मिला जब केरल के मलयालम समाचार चौनल ‘मीडिया वन के प्रसारण पर सुरक्षा आधार पर प्रतिबंध लगा दिया था। दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस द्वारा ‘न्यूजक्लिक’ समाचार पोर्टल से जुड़े पत्रकारों के यहां छापेमारी और पोर्टल के संपादक की आतंकनिरोधी कानून के अंतर्गत गिरफ्तारी की गई।

इतिहास में दर्ज हुआ धीरज साहू कैशलोक
साल के अंतिम महीने में आयकर विभाग की छापेमारी में कांग्रेस सांसद धीरज साहू के ‘कैशलोक’ से इतना पैसा निकला की इतिहास ही बन गया। जिन्हें गिनती करने में 40 मशीनें, तीन बैंक के 80 स्टाफ, दर्जनों सुरक्षाकर्मी और पांच दिन का समय लगा। एक ऑपरेशन में आज तक कभी भी एक साथ इतने पैसे नहीं मिले थे। 9 दिसंबर की रात नोटों की गिनती पूरी हुई, साहू ने 353 करोड़ रुपए का कैश बरामद किया गया।

 

You may also like

MERA DDDD DDD DD