महाराष्ट्र-हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अपने आखिरी दौर में है। दोनों ही राज्यों में 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। सभी पर्टियों ने अपने-अपने उम्मीदवारों के लिए प्रचार तेज कर दिए है। पिछले कुछ दिनों से लगातार रैलियां कर रहे पीएम मोदी 18 अक्टूबर ,शुक्रवार को हरियाणा के हिसार में जनसभा को संबोधित करेंगे।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, पीएम मोदी हिसार के सेक्टर 14 में रैली को संबोधित करने दोपहर 2 बजे पहुंचेंगे। वह हिसार, जींद और फतेहाबाद की दस विधानसभाओं के भाजपा प्रत्याशियों के लिए जन समर्थन जुटाएंगे। जिसके लिए कानून व्यवस्था संभालने के लिए 11 पुलिस अधीक्षक व दो डीएसपी के साथ 13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। आम जनता को परेशानी से बचाने के लिए सेक्टर 14 की तरफ के रूट डायवर्ट किए गए हैं। उधर, गांव मोहाना की अनाज मंडी में पीएम नरेंद्र मोदी 18 अक्तूबर को ही रैली स्थल पर पहुंचेंगे और दो घंटे तक रहेंगे। रैली को लेकर सोनीपत-गोहाना मार्ग पर चार घंटे तक रूट डायवर्ट किया गया है। प्रधानमंत्री 19 अक्तूबर को ऐलनाबाद हलके के गांव मल्लेकां की अनाज मंडी में रैली को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वह रेवाड़ी और गुरुग्राम जिले सहित दक्षिण हरियाणा की 9 विधानसभा सीटों के लिए रेवाड़ी के हुड्डा मैदान में जनसभा करेंगे।
यह भी पढ़े : फाइनल में हरियाणा का दंगल, आज मोर्चा संभालेंगे PM मोदी और सोनिया गांधी
वहीं कांग्रेस की तरफ से प्रचार के लिए पहली बार पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी आज हरियाणा में मौजूद होगी। वह यहां महेंद्रगढ़ में होने वाली रैली को संबोधित करेंगी। वहीं पिछले कुछ दिनों से लगातार चुनाव प्रचार में जुटे गृहमंत्री अमित शाह भी शुक्रवार को 4 रैलियां संबोधित करेंगे। यह चारों रैलियां अहेरी, राजुरा, वानी और खापरखेड में आयोजित की जाएंगी। इससे पहले अमित शाह ने विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा, महाराष्ट्र में बीजेपी अकेले अपने दम पर सत्ता पा सकती है। राज्य की 288 सीटों में से 164 सीटों पर बीजेपी चुनाव लड़ रही है, जबकि शिवसेना 124 सीटों पर दांव आजमा रही है। बाकी सीटों पर गठबंधन की ओर से एनडीए के छोटे घटक चुनाव मैदान में है।

