रामभक्त गोपाल देसी कट्टा लहराता हुआ जामिया में फायर करता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोपाल गोली चलाने के दौरान ‘भारत माँ की जय’, ‘दिल्ली पुलिस ज़िंदाबाद’ और ‘वंदे मातरम’ का नारा लगा रहा था। इस घटना के लगभग एक घंटे पहले फेसबुक पर उसने लिखा था- ‘आजादी दे रहा हूं’। इस तरह की कई पोस्ट उसकी फेसबुक प्रोफाइल पर हैं। हालांकि फेसबुक ने अब उसकी प्रोफाइल डिलीट कर दी ।
जेवर के रहने वाले गोपाल के पिता राजेंद्र शर्मा की पान की दुकान है। उनके दो बेटे हैं गोपाल बड़ा बेटा है जो 12वीं में पढ़ता है। पिता ने कहा, “बेटे ने इससे पहले कभी किसी से लड़ाई नहीं की थी। वह तो पढ़ाई कर रहा था।” गोपाल के एक पोस्ट को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता उसने लिखा था, “मेरे घर वालों का ध्यान रखना।” वहीं मोहल्ले के लोगों का कहना है कि गोपाल फेसबुक पर तीन साल से ज्यादा ही एक्टिव हो गया था।
फिलहाल गोपाल पुलिस कस्टडी में है जहां उससे पूछताछ चल रही है। वहीं दूसरी तरफ अखिल भारत हिन्दू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष गजेंद्र पाल सिंह आर्य ने एलान किया है कि अखिल भारत हिन्दू महासभा रामभक्त गोपाल को सम्मानित करेगी और उसके मुकदमे की पैरवी भी करेगी।