Country

भारत में भी तेजी से बढ़ रहे हैं कोरोनावायरस के मामले

दुनियाभर के देशों के साथ-साथ भारत में भी कोरोनावायरस के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। देश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 1.39 लाख के करीब पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोनावायरस मरीज़ों की कुल संख्या 1,38,845 हो गई है और जबकि इस वायरस से अब तक 4,021 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 6,977 नए मामले सामने आए हैं और 154 लोगों की जान गई है। पिछले 24 घंटों में सामने आए नए मामलों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले रविवार को 6767 नए मरीज़ मिले थे. हालांकि, राहत की बात यह है कि 57721 मरीज़ कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं। रिकवरी रेट सुधर कर 41.57 प्रतिशत पर पहुंच गया है।

 
कोरोनावायरस को काबू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन की घोषणा की थी। लॉकडाउन के करीब दो महीने बाद आज से देशभर में दोबारा घरेलू हवाई परिचालन शुरू किया गया है। नई दिल्ली से पहली घरेलू उड़ान सुबह 4:45 बजे पुणे के लिए रवाना हुई। दिल्ली हवाई अड्डे पर पहली फ्लाइट सुबह 7:45 पर आनी थी। इसके अलावा मुंबई से भी उड़ान सेवा का परिचालन शुरू कर दिया गया है।
 देश में महाराष्ट्र कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए। पिछले 24 घंटे में राज्य में 3041 नए मामले सामने आए जिसके बाद यहां संक्रमितों का आंकड़ा 50000 के पार हो गया। अब यहां कुल 50231 संक्रमित हो गए हैं। पूरे महाराष्ट्र में अब तक 1635 लोगों की मौत इस वायरस के संक्रमण से हुई है।

अकेले मुंबई में संक्रमित मरीजों की संख्या 30542 हो गई है। पिछले 24 घंटे में यहां 1725 नए मामले सामने आए हैं जबकि 39 लोगों की मौत हुई है। इस तरह यहां मरने वालों का आंकड़ा 988 हो गया है इसके बाद तमिलनाडु और गुजरात का नंबर है। कोरोना संक्रमण के मामलों के लिहाज से दिल्ली चौथे स्थान पर है

You may also like

MERA DDDD DDD DD