कोरोना महामारी के बीच कांग्रेस उसकी छात्र ईकाई एनएसयूआई से जुड़े छात्रों और तमाम अन्य राजनीतिक दलों के भरी विरोध के बावजूद JEE और NEET की परीक्षाएं आज एक सितंबर से शुरू हो गई हैं ।
कांग्रेस JEE और NEET परीक्षाओं के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेर रही थी । उसके बाद उसकी छात्र ईकाई एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने भी सड़कों पर प्रदर्शन किया । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारी छात्रों का मनोबल बढ़ाते हुए जनता से बड़ी संख्या में इस अभियान में शामिल होने की अपील भी की,लेकिन इस सब के बीच केंद सरकार अपने निर्णय पर कायम रही और आज से पूरे देश में इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए जेईई-मुख्य परीक्षा देश भर में शुरू हो गई हैं।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा आयोजित कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। 8.58 लाख स्टूडेंट्स इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। । परीक्षा 1 से 13 सितंबर तक चलेगी। जेईई परीक्षा के लिए शिफ्ट 8 से बढ़ाकर 12 और परीक्षा केंद्र 570 से बढ़ाकर 660 किए गए हैं। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग समेत कई दिशा-निर्देश पहले ही जारी कर दिए गए हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने भी कल 31 अगस्त को राज्यों के मुख्यमंत्रियों से परीक्षार्थियों की मदद करने की अपील की ।शिक्षा मंत्री निशंक ने कहा, ‘मैं सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से इन अभूतपूर्व परिस्थितियों में हमारे छात्रों को सहयोग देने और पर्याप्त सुविधा करने की अपील करता हूं। ताकि आवेदकों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। कोविड-19 के तहत परीक्षा केंद्रों में शारीरिक दूरी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
दिल्ली : विवेक विहार में स्थित एक जेईई परीक्षा केंद्र पर एग्जाम देने पहुंचे अभ्यर्थियों का बॉडी टेम्परेचर चेक किया गया । एक अभ्यर्थी प्रांजल ने कहा, ‘मैं अपना सैनिटाइजर लाया हूं और मैंने अपना फुल बॉडी चेकअप भी करवाया है।
धनबाद :जेईई मेन परीक्षा के लिए दो सेंटर बनाए गए हैं। आज बी आर्किटेक्ट व बी प्लानिंग की प्रवेश परीक्षा है। बीटेक के मुकाबले आर्किटेक्ट के लिए परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या कम है। सुबह से ही छात्रों की रिपोर्टिंग टाइम निर्धारित थी। सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए छात्रों को परीक्षा हॉल में एंट्री दी गई। सभी छात्रों की रिपोर्टिंग टाइम अलग- अलग थी। इस कारण सेंटर पर भीड़ नहीं दिखी। परीक्षा दो पाली में हो रही है। पहली पाली सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक वह दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है। परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचाने के लिए परिवहन विभाग की ओर से एक हेल्प डेस्क शुरू की गई है। धनबाद में दोनों सेंटर में पहले दिन लगभग ढाई सौ छात्रों के परीक्षा देने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल : जेईई मेन अभ्यर्थी कोलकाता के एक परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। सभी अभ्यर्थियों का बॉडी टेम्परेचर चेक किया और पूरा परीक्षा केंद्र सैनिटाइज किया गया है।
बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर बेंच ने महाराष्ट्र में भंडारा के लोगों के एक पत्र पर स्वत: संज्ञान लिया। पत्र में जेईई परीक्षा टालने की मांग की गई है। लोगों का कहना है कि बाढ़ग्रस्त इलाकों के स्टूडेंट्स परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सकते। अदालत मामले की तत्काल सुनवाई करेगी।
उत्तर प्रदेश: नीट और जेईई परीक्षा में करीब 2.6 लाख स्टूडेंट्स परीक्षा में शामिल होंगे । यूपी में JEE के 1 लाख 706 विद्यार्थी 66 परीक्षा सेंटर में परीक्षा देंगे।परीक्षार्थी एडमिट कार्ड में दिए गए रिपोर्टिंग टाइम पर परीक्षा केंद्र में रिपोर्ट करेंगे । सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने के लिए यह जरूरी है। इससे परीक्षा केंद्र के बाहर होने वाली भीड़ भाड़ से बचा जा सकेगा। परीक्षा केंद्र के बाहर और केंद्र में प्रवेश करते समय सभी छह फीट की दूरी बनाई रखनी है।
कर्नाटकः बेंगलुरु के SJM इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड को JEE Main परीक्षा का केंद्र बनाया गया है। यहां छात्रों को टेंपरेचर चेक करने के बाद ही एंट्री दी जा रही है।
गुजरात: अहमदाबाद में जेईई परीक्षा केंद्र TCS ION डिटिटल जोन में परीक्षार्थियों का पहुंचना शुरू।
गोरखपुर: नौसर में स्थित जेईई परीक्षा केंद्र पर सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए लगातार घोषणाएं की जा रही हैं।
छत्तीसगढ़: रायपुर के सरोना में स्थित एक जेईई परीक्षा केंद्र पर छात्र छात्राओं का पहुंचना शुरू।
गोवा: पणजी के एक परीक्षा केंद्र का नजारा। स्टूडेंट्स को सेंटर पर नये मास्क दिए जा रहे हैं।
ओडिशा: राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार जाजपुर के डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन ने जेईई मेंस परीक्षा में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए मदद कर की।
बिहार : 43 परीक्षा केंद्र पर 61 हजार 583 परीक्षार्थी शामिल होंगे। एनटीए के अनुसार पटना के 20, मुजफ्फरपुर के छह, भागलपुर के चार, दरभंगा के पांच, गया के चार, आरा और पूर्णिया के दो – दो सेंटर पर जेईई मेन आयोजित होगा। परीक्षा एक से छह सितंबर तक दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी । सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी परीक्षा होगी।
उत्तराखंड : JEE Mains Exam 2020- में एक कमरे में 12 छात्र बैठेंगे। राज्य में देहरादून, हल्द्वानी, रुड़की हरिद्वार और पंतनगर में तेरह केंद्र बनाए गए हैं। जबकि नीट के लिए देहरादून, रुड़की और हल्द्वानी में 43 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। दोनों परीक्षाओं में 32 हजार छात्रों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षार्थियों के लिए रोडवेज ने 58 विशेष बसों का संचालन कल 31 अगस्त से शुरू कर दिया था । इन बसों में सामान्य किराए पर 50 प्रतिशत सीट क्षमता के साथ परीक्षार्थी सफर कर सकेंगे। जिन परीक्षार्थियों का बॉडी टेम्परेचर 99.4 डिग्री फॉरेनहाइट से ज्यादा होगा, उन्हें आइसोलेशन रूम में ले जाया जाएगा। वह वहीं बैठकर परीक्षा देंगे।

