दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया कोर्ट की इजाजत के बाद अपनी बीमार पत्नी से मिलने तिहाड़ जेल से घर पहुंचे हैं। एक दिन पहले ही दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को शनिवार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक घर पर अपनी बीमार पत्नी से मिलने की इजाजत दी थी।
हालांकि मनीष सिसोदिया ने राउज एवेन्यू कोर्ट से अपनी बीमार पत्नी से मिलने के लिए 5 दिन की इजाजत मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने उनकी मांग खारिज कर दी थी। 11 नवंबर को उन्हें केवल 6 घंटे के लिए पुलिस हिरासत में अपनी पत्नी से मिलने की इजाजत दी गई थी।
राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई के दौरान आप नेता सिसोदिया की ओर से पेश वकील ने कहा कि अगर 5 दिन संभव नहीं है तो 2 दिन का वक्त दीजिए। उन्होंने हाई कोर्ट के फैसले का भी हवाला दिया और कहा कि हाई कोर्ट ने पहले भी पत्नी से इस तरह मिलने की इजाजत दी थी, लेकिन कोर्ट इस दलील से सहमत नहीं था। सुनवाई के दौरान सीबीआई ने मनीष सिसोदिया की याचिका का पुरजोर विरोध किया।
गौरतलब है कि मनीष सिसोदिया को कथित शराब घोटाले में 26 फरवरी को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। बाद में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तिहाड़ जेल में पूछताछ के बाद 9 मार्च को सिसोदिया को सीबीआई मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। ईडी और सीबीआई दोनों मामलों में मनीष सिसोदिया और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया है।

