हाल ही में नियुक्त किए गए उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के पास राज्य में भाजपा की जड़ें मजबूत करने और राज्य सरकार को दुरुस्त करने के लिए महज नौ महीने बचे हैं। लेकिन उन्हें भरोसा है कि वह भाजपा को निराश नहीं करेंगे। तीरथ सिंह रावत शपथ लेने के बाद से लगातार सक्रिय दिख रहे हैं। वह कुमाऊं और गढ़वाल में तालमेल बिठाने में लगे हैं। भाजपा अध्यक्ष के बदले जाने, मंत्रिमंडल के पुनर्गठन के साथ-साथ वह अन्य स्तरों पर बड़े बदलाव की तैयारी में हैं।मुख्यमंत्री की योजना राज्य में केंद्र और राज्य सरकार के कामकाज को तेजी से लागू करने और जनता के बीच में इसका सकारात्मक संदेश देने की है।लेकिन इस सब के बीच मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना भगवान राम से की है। उन्होंने कल 14 मार्च को ऋषिकुल के सरकारी पीजी आयुर्वेदिक कॉलेज के सभागार में सामाजिक संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रम ‘नेत्रा कुंभ’ के दौरान कहा कि आज अलग – अलग देशों के नेता प्रधानमंत्री मोदी के साथ फोटो खिचवाने के लिए लाइन में लगते हैं। यह पहले के समय के विपरीत है जब किसी भी विश्व नेता को हमारे देश के पीएम से फर्क नहीं पड़ता था। नरेंद्र मोदी की वजह से अब स्थिति बदल गई है। यह एक नया भारत है जिसे उन्होंने बनाया है।
‘मोदी जिंदाबाद’ के नारों के बीच, सीएम ने आगे कहा, ” पहले के समय, भगवान राम ने समाज के लिए अच्छा काम किया था और इसलिए लोग उन्हें भगवान मानने लगे थे, इसी तरह भविष्य में हमारे प्यारे प्रधानमंत्री के साथ भी ऐसा ही होगा।
इसके अलावा रावत ने कहा कि किसी मेगा उत्सव में जाने के लिए किसी आरटी-पीसीआर रिपोर्ट या तीर्थयात्रियों के पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। कुंभ मेले को लेकर नकारात्मक सा माहौल है, हमने इसे साफ कर दिया है। लोग बेफिक्र होकर आ सकते हैं किसी को नहीं रोका जाएगा।

