साउथ की लेडी सुपर स्टार के नाम से मशहूर नयनतारा ने टॉलीवुड में कई सुपरहिट फिल्में करने के बाद बॉलीवुड में कदम रखा है। उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू फिल्म ‘जवान’ से किया तो हिंदी भाषी दर्शक भी उनके अभिनय के दीवाने हो गए हैं और उन्हें सोशल मीडिया में फॉलो कर रहे हैं। एक साक्षात्कार में नयनतारा ने कहा था कि बॉलीवुड में कदम रखते ही उनकी पहली फिल्म हिट हो जाएगी, इसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी
साउथ सिनेमा में अपना लोहा मनवा चुकी अभिनेत्री नयनतारा को बॉलीवुड में भी काफी पसंद किया जा रहा है। इसके साथ ही टॉलीवुड और बॉलीवुड में अब दूरियां भी कम होने लगी हैं। दोनों ही इंडस्ट्री के कलाकार अब मिलकर काम कर रहे हैं। आने वाले समय में कई ऐसी फिल्में पाइपलाइन में हैं जिसमें बॉलीवुड और साउथ के सुपर स्टार एक साथ नजर आएंगे। इसका ताजा उदाहरण साउथ की लेडी सुपर स्टार के नाम से मशहूर ‘नयनतारा’ है। 20 साल के लंबे करियर के दौरान उन्होंने तमिल, कन्नड़, मलयालम और तेलगु में कई सुपर हिट्स फिल्में करने के बाद अब बॉलीवुड में फिल्म ‘जवान’ से डेब्यू किया है। उनको उम्मीद भी नहीं थी कि उनके बॉलीवुड में कदम रखते ही उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म इतनी हिट हो जाएगी कि वह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली अभिनेत्रियों की लिस्ट में शामिल हो जाएगी। जवान फिल्म में नयनतारा शारुख खान के साथ मुख्य किरदार में है। फिल्म ‘जवान’ ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 1300 करोड़ रुपए की कमाई की है। इसी फिल्म से नयनतारा को बतौर फीस के रूप में लगभग 10 करोड़ रुपए मिले हैं।
नयनतारा का जन्म कर्नाटक के मलियाला परिवार में हुआ है। उनका असली नाम डायना मरियम कुरियन है। नयनतारा को कॉलेज के दिनों से ही मॉडलिंग में रूचि थी। वो लोकल पत्रिका व ब्रांड के लिए फोटो शूट करती थी। उनके ब्रांड वाले विज्ञापन बड़ी-बड़ी पत्रिकाओं में छपते थे। उसी समय साउथ के जाने माने डायरेक्टर सत्यन अंथिकाड अपनी फिल्म ‘मनासिनक्कोर’ के लिए अभिनेत्री की तलाश कर रहे थे। एक दिन अचनाक वो वनिता पत्रिका के पेज को पलट रहे थे तभी गहनों से सजा डायना के विज्ञापन पर उनकी नजर पड़ी तो उन्होंने वनिता के फोटोग्राफर से संपर्क कर नयनतारा को खोज निकाला।
डारेक्टर ने नयनतारा से मुलाकात कर फिल्म ‘मनासिनक्कोर’ मे काम करने का ऑफर दिया। नयनतारा ने फिल्म के लिए हां भी कर दी। उनका कहना था कि वो एक अच्छी कलाकार नहीं हैं बस एक फिल्म करेंगी और फिल्म इंडस्ट्री को टाटा-बाय-बाय कह देगी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अभी उनकी फिल्म की शूटिंग खत्म भी नहीं हुई थी कि उनकी तस्वीर डायरेक्टर फैजल के पास पहुंच गई। फैजल ने नयनतारा के साथ फिल्म ‘विस्मयाथुम्बाथु’ बनाई। लीड रोल में मोहन लाल जैसे बड़े एक्टर्स थे। नयनतारा करने तो एक फिल्म आई लेकिन बॉक्स ऑफिस पर उनकी दोनों फिल्म सुपर हिट रही।
इन दोनों फिल्मांे के बाद उन्होंने फिल्म ‘नटराजन’ से मलयालम सिनेमा में फिल्म की हैट्रिक पूरी कर दी और अब उनका नाम सिर्फ मलयालम सिनेमा तक नहीं रहने वाला था। उनको तमिल फिल्म से ऑफर आने लगे। तमिल सिनेमा में उनकी पहली फिल्म बनी ‘अय्या’। ये फिल्म उनकी कामयाबी की सीढ़ी बनी। उनको रजनीकांत की फिल्म ‘चंद्रमुखी’ के लिए ऑफर दिया गया। इस फिल्म में उन्होंने सुपरस्टार रजनीकांत के साथ काम किया। यह फिल्म इतनी हिट थी कि सिनेमाघरों में 800 दिनों तक चली। इस फिल्म के बाद नयनतारा ने एक से बढ़कर एक ब्लॉक बस्टर फिल्मों में काम किया। वो स्टार अभिनेत्रियों की लिस्ट में शामिल हो चुकी थी। इसके बाद उन्हें कई फिल्मों के ऑफर मिल रहे थे लेकिन वो हमेशा नए किरदार की तलाश में रहती थी। जिसके बाद उन्होंने ड्रामा, मनोवैज्ञानिक और भूतिया फिल्मों में अपने अभिनय का दमखम दिखाया।
2005 में तमिल में बनी ऑरिजिनल फिल्म ‘गजनी’ में उनके अभिनय ने तहलका मचा दिया था। 2007 में वह फिल्म ‘बिल्ला’ में अजित कुमार के साथ ग्लैमरस अंदाज में लोगों पर कहर बरपा रही थी। उनका फिल्मी करियर उड़ान पर था। ऐसे समय में मलयालम और तमिल फिल्म सिनेमा में अपने पांव जमाने के बाद उन्होंने रुख किया तेलुगु इंडस्ट्री का। वहां उन्होंने ‘सिम्हा’ और ‘अधुर्स’ जैसी हिट फिल्में दी। इसके बाद उन्होंने कन्नड इंडस्ट्री का रुख किया। उनकी पहली कन्नड फिल्म थी ‘सुपर’। इस फिल्म में उनके साथ मुख्य किरदार में सुपर स्टार उपेन्द्र भी थे।
यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर हिट रही। नयनतारा 2011 में फिल्म श्री राम राज्यम में सीता के माइथोलॉजिकल किरदार में दिखी तो दूसरी तरफ वो ‘राजा रानी’ में रोमांटिक रोल में नजर आई। जहां से उनको लेडी सुपर स्टार का दर्जा प्राप्त हुआ। अब इस लेडी सुपरस्टार ने बॉलीवुड का रुख किया किंग खान शाहरुख खान के साथ। ‘जवान’ फिल्म में उनके किरदार का कद शाहरुख के किरदार के बराबर है। साउथ फिल्म के दर्शक तो उनकी फिल्मों के दीवाने हैं ही अब हिंदी बेल्ट के दर्शक भी उनकी फिल्मों के दीवाने बन गए हैं।

