दुनिया की सबसे बड़ी ऑन- डिमांड वीडियो स्ट्रीमिंग सर्विस नेटफ्लिक्स एक बार फिर विवादों में है। इससे पहले भी नेटफ्लिक्स का विवादों से नाता रहा है। अब हाल ही में महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी पार्टी शिवसेना द्वारा नेटफ्लिक्स पर केस दर्ज कराया गया है। शिवसेना का आरोप है कि नेटफ्लिक्स भारत और हिन्दुओं को बदनाम कर रहा है। शिवसेना आईटी सेल के सदस्य रमेश सोलंकी द्वारा ये एफआईआर दर्ज कराई गयी है। मुंबई के एलटी मार्ग पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में उन्होंने ‘सेक्रेड गेम्स’, ‘लैला’ और ‘घोल’ सहित स्टैंडअप कॉमेडियन हसन मिन्हाज के शो का हवाला देते हुए नेटफ्लिक्स पर दुनिया भर में हिन्दुओं के खिलाफ दुष्प्रचार करने का गंभीर आरोप लगाया है। सोलंकी ने अपनी शिकायत में कहा,
“नेटफ्लिक्स इंडिया पर दिखाई जाने वाली लगभग सारी सीरीज वैश्विक स्तर पर भारत को बदनाम करने की मंशा दर्शाती हैं। यह प्लेटफॉर्म गहरी जमी हिन्दूफोबिया के चलते देश की खराब छवि दिखा रहा है।”
-शिवसेना आईटी सेल के सदस्य रमेश सोलंकी
इसके साथ ही सोलंकी ने हिन्दुओं की भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए नेटफ्लिक्स के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा, “मैं अधिकारियों से आग्रह करता हूं कि ऊपर बताई गई इन सारी सीरीज पर नजर डालें और नेटफ्लिक्स टीम को समन भेजने से लेकर उनका लाइसेंस रद्द करने तक जो भी जरूरी कदम लगे, वह उठाएं।”
इससे पहले भी नेटफ्लिक्स के वेब सीरीज सेक्रेड गेम्स-2 को लेकर काफी विवाद हुआ था। इस पर शिरोमणि अकाली दल के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने सेक्रेड गेम्स -2 के डायरेक्टर अनुराग कश्यप के खिलाफ एफआईआर दर्ज़ कराई थी। सेक्रेड गेम्स में अनुराग कश्यप पर सिख धर्म का अपमान करने का आरोप लगाया गया था। मीडिया सर्विस प्रोवाइडर नेटफ्लिक्स एक अमेरिकन कंपनी है। जो पिछले कई सालों में भारत में मनोरंजन के क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हुई है। कई वेब सीरीज के चलते नेटफ्लिक्स को अधिकतर लोग जानते हैं।

