जल्द ही भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक होने वाली है। खबर है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी इस बार किसी और को सौंपी जा सकती है। पार्टी के नए कप्तान को लेकर कुछ नाम चर्चा में चल रहे हैं। दरअसल, पार्टी प्रमुख के रूप में नड्डा का तीन साल का कार्यकाल इस महीने के अंत में पूरा हो रहा है। दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश में भाजपा को मिली हार के बाद से नड्डा के कार्यकाल विस्तार पर संशय भी है। हिमाचल चुनाव में नड्डा अपने क्षेत्र में भी सीटें नहीं बचा पाए थे। हिमाचल में भाजपा के दो खेमों में बंटने की भी खबरें आई थीं जिससे पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा था। ऐसे में अटकलें हैं कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अगले अध्यक्ष बन सकते हैं। प्रधान को पार्टी में संकट मोचक की तरह देखा जाता है। पीएम मोदी कई बार उन्हें अहम जिम्मेदारियां सौंप चुके हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने को लेकर सरकार जब संघर्ष कर रही थी, तब तत्कालीन शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल को हटाकर प्रधान को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि उनको 2024 लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD