Country

संसद में असंसदीय भाषा का उपयोग?

 

बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने 21 सितंबर को लोकसभा में बीएसपी सांसद दानिश अली के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर उन्हें अपमानित किया। जिसके बाद पूरा विपक्ष, बीजेपी सांसद के इस बयान की एकजुटता से निंदा कर रहा है। रात करीब 11 बजे संसद में चंद्रयान-3 की सफलता पर चर्चा हो रही थी, इसी दौरान दक्षिणी दिल्ली से बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी सदन में बोल रहे थे। जिसपर बीएसपी सांसद दानिश अली ने उनकी बात पर असहमति जताई, इसके बाद रमेश बिधूड़ी ने दानिश अली के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने लगे। अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने की वजह से रमेश बिधूड़ी के भाषण का हिस्सा लोकसभा की कार्यवाही से हटा दिया गया है, लेकिन वायरल हो रही इस क्लिप की लोग निंदा कर रहे हैं। वहीं, दानिश अली ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।

 

इस मामले के बाद रमेश बिधूड़ी विपक्ष के सांसदों और अन्य नेताओं के निशाने पर आए गए हैं। उमर अबदुल्ला, आप नेता संजय सिंह, बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव, मायावती समेत कई नेताओं ने रमेश बिधूड़ी के बयान की निंदा की और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि, बाद में राजनाथ सिंह ने रमेश बिधूड़ी की ओर से माफी मांगी है। उन्होंने कहा ‘यदि सदस्य की टिप्पणी से विपक्ष आहत हुआ है, तो मैं खेद व्यक्त करता हूं।’

निशाने पर आये पूर्व मंत्री हर्षवर्धन

जैसे-जैसे भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है, पार्टी के एक और सांसद के हावभाव पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल, कल लोकसभा में जब बिधूड़ी बसपा सांसद दानिश अली को ‘मुल्ला आतंकवादी, उग्रवादी’ जैसे अपमानजनक शब्द कह रहे थे तो पूर्व मंत्री हर्षवर्धन बगल में बैठे हंस रहे थे। यही तस्वीर वायरल होने लगी तो वह भी घिर गए। अब उन्होंने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट लिखकर सफाई दी है। इसमें उन्होंने मुस्लिम समुदाय को संबोधित करते हुए काफी कुछ लिखा है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘मैंने ट्विटर पर अपना नाम ट्रेंड्स में देखा। इस दुर्भाग्यपूर्ण मामले में कई लोगों ने मुझे घसीटा है, जब दो सांसद सदन में एक दूसरे के खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। हमारे वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह जी पहले ही दोनों पक्षों के इस तरह की अक्षम्य भाषा के इस्तेमाल की निंदा कर चुके हैं। मैं अपने मुस्लिम दोस्तों से पूछता हूं, जो आज सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ लिख रहे हैं कि क्या वे वास्तव में मानते हैं कि मैं कभी ऐसी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने में शामिल हो सकता हूं जिससे किसी समुदाय की भावनाओं को चोट पहुंचे?

हर्षवर्धन ने कहा कि यह नकारात्मकता से भरी एक मनगढ़ंत कहानी है सोशल मीडिया पर कुछ निहित राजनीतिक तत्वों द्वारा मेरी छवि को धूमिल करने के लिए इसका इस्तेमाल किया जा रहा है।’ हर्षवर्धन ने अपनी सफाई में कहा है कि 30 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में मैंने अपने निर्वाचन क्षेत्र के लाखों मुस्लिम भाइयों और बहनों के साथ काम किया है। चांदनी चौक की गलियों में में जन्मा और पला-बढ़ा। मैंने अपना बचपन मुस्लिम दोस्तों के साथ खेलते हुए बिताया है।

आहात हुए दानिश
बसपा सांसद दानिश अली ने कहा कि इस देश में हो क्या रहा है। रूह भी कांप जाती है वो अल्फाज सुनकर। मैं रातभर सो नहीं पाया। मेरे दिमाग की नस फट सकती है। मैं इंतजार कर रहा हूं कि क्या ऐक्शन होता है। उधर, मामला गरमाते ही लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने बिधूड़ी को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भाजपा सांसद बिधूड़ी ने इस तरह का दोबारा व्यवहार किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

You may also like

MERA DDDD DDD DD