world

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट की योगासन का वीडियो, इवांका ने रीट्वीट कर बताया शानदार

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट की योगासन का वीडियो, इवांका ने रीट्वीट कर बताया शानदार

भारत में कोरोना संकट के कारण अभी लॉकडाउन चल रहा है जो 14 अप्रैल तक चलेगा। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस योगासन वीडियो की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी ने सराहना की है जिसे उन्होंने ट्वीटर पर लोगों को फीट रखने के लिए शेयर किया है। इवांका ट्रंप ने प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए वीडियो को ‘शानदार’ बताया है। इवांका ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी के साथ-साथ उनकी सलाहकार भी हैं।

पूरी दुनिया में कोरोना वायरस का खौफ साफ नजर आ रहा है। कई देशों ने इसके खतरे को कम करने के लिए लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है। मोदी ने ‘योग निद्रा’ का वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया था, “जब भी समय मिलता है मैं हफ्ते में 1-2 बार योग निद्रा का अभ्यास अवश्य करता हूं। इससे शरीर स्वस्थ और मन प्रसन्न रहता है, साथ ही यह तनाव और चिंता को भी कम करता है। इंटरनेट पर आपको योग निद्रा के कई वीडियो मिलेंगे। अंग्रेजी और हिन्दी में 1-1 वीडियो साझा कर रहा हूं।”

मोदी के वीडियो को रिट्वीट करते हुए इवांका लिखा, ‘‘यह शानदार है। शुक्रिया नरेंद्र मोदी।” गौरतलब है कि इवांका अपने पिता डोनाल्ड ट्रंप के साथ फरवरी महीने में भारत यात्रा पर आई थी। अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने ट्वीट किया, “योग मन और शरीर के बीच तालमेल बनाने में मदद करता है। अलग रहने के इस दौर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योग के माध्यम से हमें एक साथ रहना और जागरूक रहना सीखा रहे हैं।”

अनुमानों के अनुसार, अमेरिका में करीब 30 लाख 60 हजार लोग योग का अभ्यास करते हैं। अमेरिका में भारतीय दूतावास ने सोमवार से नियमित रूप से ऑनलाइन योग कार्यक्रम शुरू किया है। सांसद टिम रेयान ने मंगलवार को कहा था कि लंबे समय से योग करने से उन्हें अपना मानसिक स्वास्थ्य बेहतर करने में मदद मिली है। जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में कोरोना वायरस से मृतकों की संख्या 4,076 तक पहुंच गई है जो कि शनिवार को दर्ज की गई संख्या से दोगुना है। शनिवार को मृतकों की संख्या 2,010 थी।

You may also like