– मनोज चौधरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो प्रोग्राम ‘मन की बात’ में दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को तिरंगे का अपमान देखकर देश बहुत दुखी भी हुआ। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमें आने वाले वक्त को नई आशा और उम्मीदों से भरना है। हमने असाधारण क्षमता का परिचय दिया है और आगे भी हमें ऐसा करना है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई को एक साल पूरा हो गया है। अभी भारत दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन प्रोग्राम चला रहा है। हम दुनिया में सबसे तेज गति से अपने नागरिकों का वैक्सीनेशन कर रहे हैं। 15 दिन में ही 30 लाख से ज्यादा कोरोना वॉरियर्स का टीकाकरण हो गया है। अमेरिका को इसी काम में 18 और ब्रिटेन को 36 दिन लगे थे। हमारा वैक्सीनेशन प्रोग्राम दुनिया में मिसाल बन रहा है।
PM ने कहा कि बुंदेलखंड में इन दिनों कुछ अलग हो रहा है। पिछले दिनों झांसी में एक महीने तक चलने वाला स्ट्रॉबेरी फेस्टिवल शुरू हुआ। हर कोई आश्चर्यचकित है कि स्ट्रॉबेरी और बुंदेलखंड। झांसी की बेटी गुरलीन चावला ने इसमें भूमिका निभाई। लॉ की इस छात्रा ने पहले अपने घर और फिर खेत में इसकी फसल उगाकर ये बताया कि झांसी में भी स्ट्रॉबेरी हो सकती है। टेरेस गार्डन पर युवाओं को स्ट्रॉबेरी उगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जो स्ट्रॉबेरी कभी पहाड़ों की पहचान थी, वह अब कच्छ की रेतीली जमीन पर भी हो रही है।

