कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी इन दिनों कांग्रेस की उत्तर प्रदेश में खोई जमीन वापस पाने के लिए युद्धस्तर पर जुटी हुई हैं। उनकी सक्रियता से न केवल भाजपा बल्कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी में भारी बेचैनी है।
प्रियंका जल्द ही उत्तर प्रदेश में पार्टी की सदस्यता अभियान शुरू करने जा रही है। उनका लक्ष्य एक करोड़ सक्रिय सदस्य बनाने का है। साथ ही वे लगातार प्रधानमंत्री की संसदीय सीट बनारस का दौरा कर रही हैं जिससे स्थानीय भाजपा नेताओं की नींद उड़ी हुई है।
सूत्रों का दावा है कि मायावती से नाराज एक बड़े नेता की समय आने पर कांग्रेस में इंट्री होने जा रही है ताकि बसपा से दूर जा रहे दलित वोट बैंक को कांग्रेस की तरफ खींचा जा सके। इतना ही नहीं समाजवादी पार्टी के स्तंभ रहे शिवपाल यादव संग भी टीम प्रियंका की भीतरखाने बात चल रही है।
जानकारों का दावा है कि शिवपाल भी देर सबेर कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। जाहिर है कि प्रियंका के तेवरों ने विपक्षी दलों के नेताओं की नींद उड़ाने का काम शुरू कर दिया है।

