तीस नवंबर को पांच राज्यों के खत्म हुए चुनाव के नतीजे तीन दिसंबर को सामने आए। वहीं मिजोरम के चुनावी नतीजों के परिणाम चार दिसंबर को आए। छत्तीसगढ़ ,मिजोरम , मध्यप्रदेश ,तेलंगाना को अपने मुख्यमंत्री मिल गए हैं। इसके अलावा राजस्थान में आज भजनलाल शर्मा का नाम मुख्यमंत्री के लिए घोषित किया गया है।
भजनलाल शर्मा को राजस्थान सत्ता की कमान दी गई है। बीजेपी की तरफ से विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया गया है। भजनलाल शर्मा सांगानेर सीट से विधायक हैं और बीजेपी के प्रदेश महामंत्री हैं। इस चुनाव में बीजेपी के भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस के पुष्पेन्द्र भारद्वाज को 48 हजार से अधिक वोटों से हराया। भरतपुर के रहने वाले भजन लाल शर्मा संगठन में लंबे समय से कार्यरत हैं। बीजेपी ने उन्हें पहली बार जयपुर की सांगानेर जैसी सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ाया और पहली बार में ही वे सीएम बने हैं। वे 4 बार प्रदेश महामंत्री रहे हैं। RSS और ABVP से जुड़े रहे हैं। सांगानेर सीट भाजपा का गढ़ है। ऐसे में भजन लाल शर्मा ने जीत दर्ज की। संगठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए उन्हें मुख्यमंत्री पद की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अतिरिक्त राजस्थान में दिया कुमारी ,और प्रेमचंद बैरवा को डिप्टी सीएम बनाया गया है। गौरतलब है कि राजस्थान में करणपुर विधानसभा सीट को छोड़कर बाकी सभी 199 सीटों पर 25 नवंबर को चुनाव कराए गए थे। इसके नतीजे 3 दिसंबर को आए। राजस्थान विधानसभा चुनाव के सियासी घमासान में कांग्रेस को पछाड़ कर भाजपा ने 115 सीटें जीतीं। वहीं कांग्रेस को 69 सीटें ही मिल सकीं। इसके अलावा 15 सीटें अन्य के खाते में गईं।

