धमकी देने के 1000 रुपए, कुटाई करने के लिए 5000 रुपए, घायल करने के लिए 10000 रुपये, और हत्या करने के लिए 55 हजार रुपए का रेट दिया गया है। यह भी लिखा गया है कि सभी हथियार हमारे होंगे। देसी कट्टा भी पास रखते हैं। जमीन कब्जे के मसले भी हल करते हैं।
इन सब अपराधिक कीमतों से सुसज्जित एक सनसनीखेज पोस्टर आजकल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ जिलें में लगभग हर तीसरे व्यक्ति के मोबाइल पर वायरल हो रहा है।
इस पोस्टर पर चश्मा पहने एक लड़के की फोटो मौजूद है। जिसपर मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है। पोस्टर में यह भी लिखा है कि बंदे कूटने के लिए संपर्क करें। इसके लिए बकायदा 9660799329 नंबर जारी किया गया है। इस पोस्टर में चश्मा पहने एक युवक की फोटो है, जिस पर जोंटी बदमाश लिखा है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का इलाका वैसे ही क्राइम के मामले में बहुत चर्चित है। लेकिन जिस जिलें मेरठ में यह पोस्टर वायरल हो रहा है वहा स्थिति चितंनीय है। खासकर साम्प्रदायिक हिंसा के मामले में यह जिला संवेदनशील कहा जाता है। ऐसे में अपराध को बढावा देने वाले इस पोस्टर के वायरल होने से चर्चाओं का माहौल गर्म है।
हालांकि, इस मामले को लेकर मेरठ पुलिस सतर्क हो गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस पोस्ट वायरल करने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी में है। मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय साहनी का इस संबंध में कहना है कि जांच में पाया गया है कि जो नंबर पोस्टर पर है, उसका मेरठ या आसपास से कोई लिंक नहीं है। जिन लोगो ने ये पोस्टर वायरल किए हैं, उनपर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।

